1884 सिकल सेल एनीमिया पीडि़तों को मिलेगा विकलांगता प्रमाण पत्र
- जिले के सभी सीएचसी में लगेगा विशेष शिविर, कार्ययोजना तैयार, तिथि निर्धारित
- सिकल सेल एनीमिया से जूझ रहे मरीजों को मिलेगा शासकीय योजनाओं का लाभ
- 9.4 लाख के लक्ष्य के मुकाबले 7.4 लाख से अधिक लोगों की हुई जांच
- 1884 में 50 प्रतिशत से अधिक HPLC वैल्यू
- जिले की 78 प्रतिशत आबादी की हुई स्क्रीनिंग, 3080 लोग मिले रोग से ग्रसित
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में सिकल सेल एनीमिया की स्क्रीनिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। जिसमें अब तक 7.4 लाख से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है। बताया गया कि जिले का लक्ष्य 9 लाख 42 हजार 404 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग का था, जिसमें से अब तक 7 लाख 41 हजार 384 लोगों की जांच सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। इन जांचों में 7 लाख 9 हजार 279 लोगों को नेगेटिव पाया गया है, जबकि 25 हजार 360 लोग सिकल सेल के वाहक के रूप में चिन्हित हुए हैं। इसके साथ ही 3 हजार 80 व्यक्तियों में सिकल सेल रोग की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही 1 हजार 884 व्यक्तियों में एचपीएलसी टेस्ट में 50 प्रतिशत से अधिक परिणाम पाए गए हैं, जो गंभीर सिकल सेल रोग से पीडि़त है। इन व्यक्तियों को विशेष ध्यान और उपचार की आवश्यकता होती है।
जानकारी अनुसार सिकल सेल एनीमिया से पीडि़त व्यक्तियों को शासकीय योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाने की पहल की गई है। आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के विकासखंड नारायणगंज से इसकी शुरूआत आज 11 जुलाई से की जाएगी। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीएल कोरी ने बताया कि मंडला जिले के नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विकलांगता प्रमाण पत्र वितरण शिविर की शुरूआत आज 11 जुलाई से की जाएगी। यह शिविर मंडला कलेक्टर के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा। जिसका उद्देश्य सिकल सेल एनीमिया से प्रभावित उन हितग्राहियों को आसानी से विकलांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना है, जिनका HPLC टेस्ट में वैल्यू 50 से अधिक है।
पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने कराई मुनादी
बताया गया कि जिले के सभी ब्लॉक स्तर पर आयोजित किए जा रहे इस विशेष कैंप के लिए हितग्राहियों की सूची पहले ही संबंधित अधिकारियों को भेजी जा चुकी है। जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति इस अवसर से वंचित न रहे। समस्त ब्लॉकों को पर्याप्त प्रचार-प्रसार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए थे। जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के अंतर्गत आने वाले चिन्हित हितग्राहियों को सूचित कर दिया गया है, जिनके विकलांगता प्रमाण पत्र बनाए जाने है। बताया गया कि स्थानीय प्रशासन ने कोटवारों के माध्यम से अधिकत्तर स्थानों में मुनादी करा दी गई है। शेष ब्लाकों में भी इसकी प्रक्रिया जारी है। जिससे अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति इस शिविर का लाभ उठा सकें।
1884 व्यक्तियों के बनेगे विकलांगता प्रमाण पत्र
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीएल कोरी ने बताया कि सिकल सेल एनीमिया से प्रभावित उन सभी हितग्राहियों को आसानी से विकलांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाएगा,जिनका HPLC टेस्ट में वैल्यू 50 से अधिक है। मंडला जिले के सभी ब्लाकों में ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित कर लाईन लिस्टिंग कर ली गई है। प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में शिविर आयोजित कर पात्र व्यक्तियों का विकलांगता प्रमाण पत्र बनाया जाएगा। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीएल कोरी ने बताया कि ब्लाक नारायणगंज में 117, नैनपुर में 72, मोहगांव में 64, घुघरी में 68, बिछिया में 133, मवई में 78, मंडला में 1167, बीजाडांडी में 129, निवास में 56 व्यक्ति एचपीएलसी टेस्ट में वैल्यू 50 से अधिक वाले है।
बताया गया कि विकलांगता प्रमाण पत्र बनाने के लिए शिविर की तिथियां निर्धारित कर ली गई है। जिसमें नारायणगंज में 11 जुलाई, नैनपुर में 18 जुलाई, मोहगांव में 25 जुलाई, घुघरी में 01 अगस्त, बिछिया में 08 अगस्त, मवई में 22 अगस्त, बम्हनी बंजर में 29 अगस्त, बीजाडांडी में 05 सितंबर और निवास में 12 सितंबर को शिविर आयोजित किया जाएगा।











