आयुष्मान योजना का कमाल-43 हजार लोगों को मिला 44 करोड़ का इलाज
- गंभीर बीमारियों से मुक्ति दिलाकर आयुष्मान भव का सपना हो रहा साकार
- उपचार के लिए शासन ने किए 47 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत
मंडला महावीर न्यूज 29. किसी को दीर्घायु होने के लिए दिया जाने वाला आशीर्वाद है आयुष्मान भव:। लंबी जिंदगी का आशीर्वाद देने के लिए आयुष्मान भव बोलने की परंपरा हमारे भारत देश में है। आयुष्मान भव: यानी लंबी उम्र का आशीर्वाद। पांच लाख रुपये तक की नि:शुल्क चिकित्सा सुविधाएं प्रदान कर सरकार ने लोगों की लंबी उम्र की प्रतिबद्धता जाहिर कर आयुष्मान भारत बीमा योजना संचालित की जा रही है। प्रधानमंत्री की जन कल्याणकारी योजना आयुष्मान योजना का लाभ मंडला जिले वासियों को मिल रहा है।
गंभीर बीमारी जिसके उपचार के लिए शायद पैसा जुटा पाना मुश्किल होता और लंबे समय तक बीमारी से पीडि़त रहते। लेकिन एक योजना ने हजारों लोगों को राहत दी। शासकीय राशि से उपचार हुआ और अब लोग बीमारी से मुक्ति पा रहे हैं। वह योजना है आयुष्मान भारत योजना। आज इस योजना को पांच साल साल पूरे हो गए हैं। केन्द्र सरकार की योजना का लाभ जिले के 43 हजार लोगों ने उठाया है। सरकार जरूरतमंदो की बीमारी ठीक करने के लिए जिले में अब तक 47 करोड़ रुपए स्वीकृत कर चुकी हैं। योजना का लाभ दिलाने के लिए जिला से ब्लॉक स्तर तक टीम कार्य कर रही है।
पात्र हितग्राहियों का कार्ड बनाने से लेकर उनको उपचार दिलाने तक का काम किया जा रहा है। इस कार्य में कुछ समाज सेवी भी अपना सहयोग दे रहे हैं। बीमारी में पैसे की कमी ना आये इसके लिए यह योजना शुरू की गई थी। आयुष्मान योजना के तहत जिले में आठ लाख 69 हजार लोग पात्र हैं जिसमें 7 लाख 57 हजार लोगों का कार्ड जारी हो चुका है। अब तक 47 करोड की राशि उपचार के लिए स्वीकृत हुई है, जिसमें से 44 करोड़ की राशि वितरित की जा चुकी है। जहां कार्ड जारी करने में जिले की स्थिति 87.09 प्रतिशत है, वहीं वितरित राशि में 92.22 प्रतिशत है।
अब तक बने 7 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड
जानकारी अनुसार जिले में 8 लाख 69 हजार 368 व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें से अब तक 7 लाख 57 हजार आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। जिले में विगत माह तक सात लाख पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। फिलहाल आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए अब आशा कार्यकर्ता भी प्रशिक्षित हो चुकी है, जिससे पात्र हितग्राही को परेशानी का सामना ना करना पड़े। जिले के प्रत्येक गांव में पात्र लोगों के कार्ड बनाए जा रहे है।
दो युवियोंं ने दिलाया लाभ
नारायणगंज विकासखंड के ग्राम मझगांव की दो युवती इंद्रा और वंदना ने विगत दो वर्ष पहले 580 लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ दिला चुकी है। पांच लाख रुपए तक की निशुल्क चिकित्सा सुविधाएं प्रदान कर सरकार ने लोगों की लंबी उम्र की प्रतिबद्धता जाहिर कर आयुष्मान भारत योजना संचालित की जा रही है। प्रधानमंत्री की जन कल्याणकारी योजना आयुष्मान योजना का लाभ जिले वासियों को छोटी से बड़ी बीमारी तक मिल भी रहा है। इस योजना को बखूबी लोगों तक पहुंचाने नारायणगंज के ग्राम मझगांव निवासी दो आदिवासी नायिका इंद्रा उइके और वंदना मरावी ने बीड़ा उठाया था। इनके दृढ़ संकल्प ने ही जिले के करीब 500 से अधिक लोगों को आयुष्मान योजना से आयुष्मान भव दिला दिया गया है।
गांव-गांव किया सर्वे, दी समझाई
नवांकुर संस्था मझगांव की अध्यक्ष इंद्रा उइके द्वारा आयुष्मान योजना के पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए गांव-गांव जाकर सर्वे कर पात्र लोगों को समझाया और आयुष्मान योजना के फायदे बताए। इसके साथ ही जिनके आयुष्मान कार्ड नहीं बने, उनके कार्ड बनवाए। इसके साथ बीमार व्यक्तियों को आयुष्मान योजना का लाभ दिलाया गया। इंद्रा उइके ने बताया कि ग्राम में ऐसे कई पात्र हितग्राही थे, जिनके आयुष्मान कार्ड तो थे, लेकिन इसका लाभ नहीं ले पा रहे थे। ऐसे हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड का लाभ दिलाया गया, जो आज अपने परिवार के साथ स्वस्थ्य है। इन्होंने सभी मरीजों को स्वयं उपचार कराने के लिए अपने साथ लेकर गए और उपचार के बाद वहां से वापस लाकर उनके गंतव्य तक पहुंचाया। आयुष्मान योजना से नारायणगंज क्षेत्र से 358 महिला, 215 पुरुष और 7 बाल्यावस्था और किशोरावस्था के मरीजों को योजना का लाभ दिलाया गया है।
इन बीमारियों पर मिलता है लाभ
कार्डधारियों को योजना से मिलने वाले लाभ और बीमारियों के ईलाज के बारे में जानकारी दी जा रही है। जिसमें पेट दर्द गैस की तकलीफ, सर्दी जुकाम, खांसी, अस्थमा, दमा, श्वास संबंधी समस्याए, बुखार, कुष्ठरोग, चेचक खसरा, दाद, खाज, खुजली, मधुमेह, चक्कर आना, सिर दर्द, कमर दर्द, पैर हाथ दर्द, मूत्र में जलन, गठियावात, बीपी, मुख में सूजन व छाले, मसूड़ों से रक्त आना, दर्द होना, शरीर में एलर्जी, इंफेक्शन होना, पाइल्स, मिर्गी, झटके आना, इसके साथ ही सर्जरी वाली बीमारी में हार्निया, हाइड्रोसिल, पथरी, पित्त की थैली का ऑपरेशन, एपेंडिक्स, फ्रेक्चर, एक्सीडेंट, ट्यूमर से निजात की सुविधा के साथ स्त्री रोग के संबंधी बीमारी सहित अन्य आयुष्मान योजना के अंतर्गत आने वाली बीमारियों के उपचार का लाभ आयुष्मान कार्ड से मिल रहा है।
इनका कहना है
जिला चिकित्सालय मंडला में बने डायलिसिस सेंटर में 65 मरीज डायलिसिस कराने आते हैं, जिसमें 50 मरीजों का आयुष्मान योजना के तहत डायलिसिस किया जाता है। जिला अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों को आयुष्मान योजना से मिलने वाले लाभ के विषय में जानकारी भी दी जाती है। जिससे जरूरतमंद इस योजना का लाभ ले सके।
अमन पटेल, जिला समन्वयक, आयुष्मान भारत योजना, मंडला












