चिरईडोंगरी में 550 पौधों की नर्सरी तैयार

नारायणगंज चिरईडोंगरी में 550 पौधों की नर्सरी तैयार

  • मप्र जन अभियान परिषद, विकास प्रस्फुटन, नवांकुर संस्था द्वारा पर्यावरण संरक्षण की पहल

मंडला महावीर न्यूज 29.  विकासखंड नारायणगंज में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा चिरईडोंगरी सेक्टर में पर्यावरण संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। ग्राम चिरईडोंगरी स्थित पीपल आश्रम में लगभग 550 पौधों की नर्सरी तैयार की गई, जो भविष्य में जिले को हरा-भरा बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
यह पहल ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति मझगांव और नवांकुर संस्था मझगांव के संयुक्त प्रयासों से संभव हुई है। इस कार्यक्रम को जिला समन्वयक राजेंद्र प्रसाद चौधरी और विकास खंड समन्वयक अनिल कुमार मेहरा के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

बताया गया कि नर्सरी तैयार करने के इस कार्य में नवांकुर संस्था मझगांव से इंद्रा उइके, सीएमसीएलडीपी के परामर्शदाता राकेश अग्रवाल, वीरेंद्र अग्रवाल, सुरेश सोनी, कृष्ण सोनी और चंद्रकला पटेल सहित सीएमसीएलडीपी की छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके साथ ही ग्राम विकास प्रस्फुटन चिरईडोंगरी और सहजनी समितियों के सदस्यों ने भी अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किया। इसके साथ ही इस दौरान ग्रामीणों को 80 किलो अनाज दल, चावल, गेहूं, आटा वितरित किया गया।

बताया गया कि नर्सरी में विभिन्न प्रकार के स्थानीय और उपयोगी पौधों के बीज रोपे गए हैं, जिनमें आम, नीम, कुसुम, जामुन, महुआ, खमेर आदि प्रमुख हैं। इन पौधों का रोपण आने वाले समय में किया जाएगा, जिससे न केवल पर्यावरण को लाभ मिलेगा, बल्कि स्थानीय जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा। यह पहल समुदाय की सक्रिय भागीदारी के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल है।



 

Leave a Comment