मंडला पुलिस ने वाहन धोखाधड़ी के आरोपी को नागपुर से दबोचा
- 34 लाख के 5 वाहन जब्त
- ट्रेवल्स एजेंसी संचालक ने किराया देना किया था बंद
मंडला महावीर न्यूज 29. वाहन किराए को लेकर धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को मंडला पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से 34 लाख मूल्य के 05 फोर व्हीलर वाहन भी जब्त किए गए हैं। बताया गया कि विगत 28 जून को संजय सोनी निवासी नारायणगंज टिकरिया ने थाना कोतवाली मंडला में शिकायत दर्ज कराई थी। संजय सोनी और उनके अन्य साथियों ने जनवरी 2025 में अपनी-अपनी फोर व्हीलर गाडिय़ां, रेनाल्ट ट्राइबर, मारुति सुजुकी डिजायर, महिंद्रा बोलेरो, महिंद्रा और मारुति अर्टिगा प्रतिमाह 30 हजार रूपए में किराए पर पवन सोलंकी के माध्यम से कुनाल टूर एंड ट्रेवल्स एजेंसी के संचालक कुनाल श्रीवास्तव को दी थीं।
बताया गया कि कुनाल श्रीवास्तव जो उमरेड भीवापुर रोड नागपुर का निवासी है ने शुरुआती कुछ महीनों तक तो वाहनों का किराया दिया, लेकिन बाद में उसने किराया देना बंद कर दिया। इसके बाद वह अपनी एजेंसी बंद करके नागपुर भाग गया। बार-बार मांगने पर भी न तो वाहन लौटाए गए और न ही किराए की राशि दी गई। इस शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली मंडला में धारा 316(2) भारतीय न्याय संहिता, 2023 (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक शफीक खान के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई और उसे तत्काल नागपुर रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी कुनाल श्रीवास्तव को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर धोखाधड़ी करके किराए पर लिए गए उपरोक्त सभी 05 फोर व्हीलर वाहन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 34 लाख बताई गई है। इस कार्यवाही में निरीक्षक शफीक खान, उप निरीक्षक सुरजीत सिंह परमार, सउनि भूमेश्वर वामनकर, आरक्षक रामप्रसाद नेताम और महिला आरक्षक कलिया उइके, हेमंत मरावी, सुरेश भटेरे के साथ सायबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










