निवास में शिव मंदिर के सामने 10 साल से गंदा पानी
- धार्मिक भावनाएं आहत
- बड़े आंदोलन की तैयारी
- स्थानीय लोग परेशान
- प्रशासन की अनदेखी पर बढ़ रहा आक्रोश
मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के कई ग्रामों में मूलभूत सुविधाएं ना होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। फिलहाल बारिश का सीजन शुरू हो गया है। इस सीजन में जिले के कई क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति निर्मित होती है, जिससे निपटने के लिए जिला प्रशासन कोई पुख्ता इंतजाम नहीं कर पाता है। जानकारी होने के बावजूद वहां का स्थानीय प्रशासन आंखे बंद करके सब देखता है, लेकिन समस्या निराकरण के लिए कोई कार्य योजना नहीं बना पाता। ऐसा ही एक मामला निवास ब्लाक में निवास से शहपुरा राज्यमार्ग पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर के सामने पिछले एक दशक से बारिश और नगर का गंदा पानी जमा होने से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं लगातार आहत हो रही हैं। यह गंभीर समस्या फूलसागर-शहपुरा सड़क निर्माण वर्ष 2014-15 के साथ ही शुरू हुई थी, लेकिन दस साल बीत जाने के बाद भी इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। स्थानीय शिव भक्तों और नागरिकों में प्रशासन की इस लगातार अनदेखी को लेकर भारी आक्रोश पनप रहा है, जिसके चलते अब एक बड़े आंदोलन की सुगबुगाहट तेज हो गई है।
जानकारी अनुसार मानसून की पहली बारिश के साथ ही शिव मंदिर के सामने जलभराव की समस्या विकराल रूप ले लेती है। सड़क से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों के पहियों से यह गंदा पानी छिटककर सीधे मंदिर के अंदर तक पहुंचता है, जिससे भक्तगण परेशान हैं। निवास नगर के वार्ड नंबर 8 और 9 में स्थित इस प्राचीन शिव मंदिर के सामने गंदे पानी की निकासी न होने के कारण यह स्थिति बनी हुई है। स्थानीय निवासियों ने इस समस्या के समाधान के लिए कई बार आवेदन-निवेदन किए हैं। विगत वर्ष 2023 में नागरिकों ने चक्काजाम भी किया था, जिसमें सभी दलों के स्थानीय जनप्रतिनिधियों और तत्कालीन नगर परिषद अध्यक्ष ने भी अपना समर्थन दिया था। चक्काजाम के बाद प्रशासन ने आश्वासन दिया और औपचारिकता के तौर पर एक पुलिया भी डाली गई, लेकिन यह नाकाफी साबित हुई और समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है।
आंदोलन का बना रहे मन
बताया गया कि श्रावण मास शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं और यदि इससे पहले इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो प्रशासन को एक बड़े आंदोलन का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय लोगों का स्पष्ट कहना है कि इस बार केवल आश्वासन से बात नहीं बनेगी, आंदोलन का समापन तभी होगा जब कोई स्थायी समाधान निकल जाएगा।
10 साल हो रही धार्मिक भावनाएं आहत
बताया गया कि निवास-शहपुरा राज्यमार्ग पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर के सामने पिछले एक दशक से गंदा पानी जमा होने से श्रद्धालु परेशान हैं। पानी निकासी न होने के कारण बारिश और नगर का गंदा पानी मंदिर के सामने भर जाता है। पानी मंदिर के अंदर तक पहुंचता है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। स्थानीय निवासियों ने कई बार आवेदन किए और 181 पर शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
इनका कहना है
प्रशासन को लगातार अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वर्ष 2023 में हमने उग्र आंदोलन कर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया था, प्रशासन ने समस्या का निराकरण करने का आश्वासन दिया था, पर आज तक स्थिति जस की तस है। अब लगता है फिर आंदोलन करना पड़ सकता है।
दुर्गेश कुशवाहा, शिव भक्त, समाजसेवी
शिव मंदिर के सामने गंदा पानी भरा रहता है, यह बरसात भर की नहीं हर सीजन की स्थिति है। भगवान भोलेनाथ के मंदिर जाने में बहुत परेशानी होती है, पूरे बस्ती का गंदा पानी भरा रहता है, हमारी भावनाएं आहत हो रही हैं।
सुनील अग्रवाल, शिव भक्त, नगरवासी
जब हम परिषद का चुनाव जीतकर आए थे, सबसे पहले हमने पानी निकासी की तात्कालिक व्यवस्था कराई थी। वहां पर कुछ निजी भूमि हैं जिनके मालिक पानी निकासी नहीं होने देते हैं। बात रही सड़क खुदवाने की तो निर्माण एजेंसी को हमने अनेकों बार पत्र लिख दिया है। पुन: उनसे बात की गई है। निजी भूमि वाले मालिक हमारा सहयोग करें तो कुछ हद तक समस्या का हल हो सकता है।
बसंत चौधरी, उपाध्यक्ष, नगर परिषद निवास
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे











