खतरे में तालाब का अस्तित्व, कर रहे अवैध कब्जा

तालाब का अस्तित्व खतरे में, कर रहे अवैध कब्जा

  • तालाब की भूमि पर बीम, कालम डालकर कर रहे पक्का निर्माण कार्य
  • ग्राम बड़ी खैरी स्थित तालाब का मामला

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय की नजदीकी ग्राम पंचायत बड़ी खैरी स्थित तालाब की भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे और कच्चे अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में गहरा असंतोष व्याप्त है। ग्राम पंचायत बड़ी खैरी के ग्रामीणों ने कलेक्टर मंडला को एक लिखित आवेदन देकर इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। दिए गए आवेदन में बताया गया है कि खसरा नंबर 287 रकबा 9 में स्थित तालाब पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से कच्चा अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। यह तालाब 0.029 हेक्टेयर भूमि पर फैला हुआ है और सार्वजनिक उपयोग के लिए महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों ने बताया कि तालाब को पाटकर इस पर अवैध निर्माण किया जा रहा है, जिससे न केवल जल स्रोत प्रभावित हो रहा है बल्कि सार्वजनिक भूमि का भी दुरुपयोग हो रहा है।

ग्रामीणों ने अपने आवेदन में स्पष्ट किया है कि पूर्व में भी इस तालाब के संबंध में शिकायतें की गई थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि अतिक्रमणकारियो द्वारा तालाब की भूमि पर कब्जा तालाब के किनारे पर बॉउंड्री वाल और बीम, कालम डालकर पक्का निर्माण करने का प्रयास कर रहे हैं।

ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि वे इस मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए तालाब की भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण और अतिक्रमण को रोकने के लिए उचित कानूनी कार्रवाई करें। उन्होंने जनहित में इस अवैध कब्जे को हटाने और भविष्य में ऐसे किसी भी निर्माण को प्रतिबंधित करने की अपील की है जिससे तालाब अपने मूल स्वरूप में बना रहे और सार्वजनिक उपयोग के लिए उपलब्ध रहे। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो तालाब का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा और इसका खामियाजा पूरे ग्राम को भुगतना पड़ेगा।


 

Leave a Comment