छात्रों ने रैली, रंगोली और चित्रकला से दिया नशा मुक्ति का संदेश
- अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर मंडला के उत्कृष्ट विद्यालय में विविध आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में दो दिवसीय आयोजित कार्यक्रम का समापन किया गया। सीईओ जिला पंचायत श्रेयांस कूमट के निर्देशन और प्राचार्य कल्पना नामदेव के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के बीच नशा मुक्ति विषय पर रंगोली, चित्रकला, और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंगोली प्रतियोगिता में सिमरन चौरसिया ने प्रथम, ललिता ठाकुर ने द्वितीय और अर्चना कुलस्ते ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में वैदेही पटेल प्रथम, शैलेंद्र यादव द्वितीय और गौरव नंदा तृतीय रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में सिमरन ठाकुर ने प्रथम, शिजा अली ने द्वितीय और श्रेयांश बर्मन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चित्रकला के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे से होने वाली हानियों को बखूबी प्रदर्शित किया। जन सामान्य को नशा मुक्ति के लिए जागरूक करने हेतु विद्यालय परिसर से नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए एक नशा मुक्ति जागरूकता रैली भी निकाली गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति के नारों के साथ जन सामान्य तक यह महत्वपूर्ण संदेश पहुँचाया।
प्रतियोगिताओं का संयोजन नागेंद्र चौहान, प्रवीण अग्रवाल, कीर्ति शुक्ला, शालिनी साहू, और रंजना पांडे द्वारा किया गया। करियर काउंसलर अखिलेश उपाध्याय ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया, जिसके बाद सभी विद्यार्थियों ने एक साथ नशा न करने का संकल्प लिया। इस पूरे आयोजन में विद्यालय के शिक्षक शैलेश जयसवाल, कन्हैया बरमैया, सोनल अग्निहोत्री, सुजाता शर्मा, शिवम मिश्रा, नाथू सिंह, घोसी शालिनी साहू, सारिका तिवारी, स्वाति भारद्वाज, वंदना श्रीवास्तव और दिलेंद्र सिंगोर का सहयोग रहा।









