कुर्मी समाज मंगल भवन में विधायक निधि से निर्मित टीन सेड का लोकार्पण संपन्न
- कुर्मी समाज को मिला नया टीन शेड
- कैबिनेट मंत्री संपत्तिया उइके ने कुर्मी समाज को बताया संगठित और प्रगतिशील
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के बिंझिया स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल मंगल भवन में कुर्मी समाज विकास संगठन ने कार्यक्रम का आयोजन किया, जहाँ कैबिनेट मंत्री संपत्तिया उइके ने विधायक निधि से निर्मित टीन शेड का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सैकड़ों महिलाओं ने सुहागलें पूजन कर परिवार के सुख-शांति और समाज कल्याण की कामना की। संपत्तिया उइके ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में मंडला के कुर्मी समाज को संगठित और प्रगतिशील बताया। उन्होंने समाज के लोगों की खेती-किसानी के साथ-साथ उच्च पदों पर बढ़ती भागीदारी की सराहना की। कैबिनेट मंत्री संपत्तिया उइके ने पटेल मंगल भवन के जीर्णोद्धार के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा और महिला मंडलियों के लिए पांच-पांच हजार रुपये स्वीकृत किए।
उन्होंने प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को भी पांच-पांच हजार रुपये प्रोत्साहन स्वरूप देने की घोषणा की। संपत्तिया उइके ने समाज से युवाओं के लिए एक निशुल्क कोचिंग सेंटर खोलने की अपील की, जिसमें शासकीय सहयोग का आश्वासन भी दिया गया। इसके साथ ही मंगल भवन से लगी नाली निर्माण के लिए 40 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। पूर्व विधायक एवं राज्य मंत्री देवसिंह सैयाम ने भी इस अवसर पर मंगल भवन के ऊपरी तल पर निर्मित टीन शेड का लोकार्पण किया और इसे सामाजिक विकास में सहायक बताया। समाज के जिलाध्यक्ष एडवोकेट सीबी पटेल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
अंजनिया निवासी वयोवृद्ध यदुनंदन सिंह पटेल ने कुर्मी समाज का विस्तृत जनगणना कर उनके इतिहास पर एक ग्रंथ तैयार करने की बात कही। उन्होंने अपनी हस्तलिखित शोध ग्रंथ मानस के मोती भी प्रस्तुत किया, जिसकी कैबिनेट मंत्री ने सराहना की। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री शशि पटेल ने मातृ-शक्तियों के सर्वांगीण विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा और सांसद प्रतिनिधि जय दत्त झा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
इस अवसर पर नीट में सफल हुई टिकरावारा की रितिका सहित सैकड़ों प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और वरिष्ठ जनों को सम्मानित किया गया। भारी बारिश के बावजूद भी कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई। महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष संजूलता सिंगौर और उनकी टीम के प्रयासों से सैकड़ों महिलाओं की निश्चित ड्रेस कोड में उपस्थिति महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बनी। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश चंद्रोल और प्रियदर्शन पटेल ने किया। राजकुमार सिंगौर ने आभार व्यक्त किया।










