भरभरा कर ढह गई हॉकर जोन की बाऊंड्रीवॉल

मंडला में हॉकर जोन की बाउंड्रीवॉल ढही, दो दिन की बारिश से खाई में भरा पानी

  • भरभरा कर ढह गई हॉकर जोन की बाऊंड्रीवॉल
  • दो दिन की बारिश में पुरानी खाई में लबालब भरा पानी
  • नहीं की पानी निकासी की व्यवस्था
  • लापरवाही का नतीजा, बाइक भी गिरी, झोपड़ियों में घुसा पानी

मंडला महावीर न्यूज 29. नगर पालिका ने प्राचीन खाई में पार्किंग स्थल सहित सौंदर्यीकरण कार्य के लिए ठेका दिया है। जिसका काम गर्मी के दिनो से चल रहा है। हॉकर जोन के समीप कार्य के दौरान खाई के दोनो ओर मिट्टी से बंद कर दिया गया था। जिससे पानी कार्यस्थल तक न पहुंचे और समय पर कार्य हो सके। बारिश आने के बाद भी ठेकेदार ने पानी निकासी की व्यवस्था नहीं बनाई। जिसका नुकसान सोमवार को देखने को मिला। रविवार को पूरे दिन हुई बारिश के कारण खाई में काफी गहराई तक पानी भर गया था। पानी भरे रहने से बाऊंड्रीवॉल की मिट्टी धंसक गई और हॉकर जोन से लगी 150 मीटर की दीवार भरभरा कर ढह गई।

बताया गया कि दीवार के इस ओर रेत का ढेर भी लगा हुआ था। उसका हिस्सा भी खाई में समा गया। एक बाइक भी खाई में गिर गई जिसे निकाल लिया गया है। घटना की जानकारी लगते ही नगर पालिका व राजस्व के अधिकारी मौके पर पहुंची और मौका स्थल का मुआयना किया। तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। शाम को सात बजे तक पानी निकासी की व्यवस्था बनाई गई। सब्जी मंडी के पुल के दूसरी और जहां खाई में लोग झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं। अचानक से पानी आने के कारण उन्हें झोपड़ी खाली करनी पड़ी। कुछ झोपड़ी में अंदर तक पानी भर गया दीवार भी पानी से खराब हुई है जो बारिश के दिनो में समस्या उत्पन्न कर सकती है।



 

Leave a Comment