मानसून से पहले ही डूबा महाराजपुर चौराहा, प्रशासन पर फूटा जनता का गुस्सा
- सड़क बना सरोवर, नालों की सफाई के दावों की खुली पोल
मंडला महावीर न्यूज 29. मानसून की पहली दस्तक से पहले ही मंडला जिले का प्रशासन पानी-पानी हो गया है। महाराजपुर चौराहे का दृश्य रविवार को कुछ ऐसा था मानो सड़क की जगह किसी ने तालाब का निर्माण कर दिया हो। स्थानीय लोग अब भ्रम में हैं कि वे नगर पालिका के दायरे में हैं या किसी जल महोत्सव का हिस्सा बन चुके हैं। बारिश आने से पहले नालों की सफाई, जल निकासी की व्यवस्था और सड़क मरम्मत की जो बड़ी-बड़ी योजनाएं बनाई गई थीं, वे संभवत: फाइलों में ही जलमग्न हो चुकी हैं।
स्थानीय निवासियों ने तंज कसते हुए कहा कि अगर यही हाल रहा तो मंडला का नाम नया वेनिस रख देना चाहिए। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि प्रशासन तो लहरों का राजा है पर जमीन पर कहीं नहीं दिखता। नागरिकों का कहना है कि यदि अभी भी जल निकासी और सड़क सुधार कार्य युद्धस्तर पर शुरू नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर हो सकती है। बारिश तो प्राकृतिक आपदा नहीं है, पर तैयारी न करना जरूर मानवीय लापरवाही है। यह मंडला प्रशासन के लिए एक चेतावनी भी है और जनता का गुस्सा भी।









