ट्रांसफार्मर हटाने के लिए ग्राम सभा ने पारित किया प्रस्ताव

जानलेवा ट्रांसफार्मर को हटाने ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित

  • विद्युत विभाग को भेजा आवेदन
  • खतरनाक ट्रांसफार्मर हटाने की मांग पर ग्राम पंचायत ने लगाई मुहर, अब विद्युत विभाग की बारी
  • खतरनाक ट्रांसफार्मर हटाने के लिए ग्राम सभा ने पारित किया प्रस्ताव

मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम पंचायत हिरदेनगर में एक घर के सामने लगे 11 हजार वॉट के ट्रांसफार्मर को हटाने के लिए ग्राम सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर दिया गया है। हिरदेनगर निवासी रामप्रताप बर्बे द्वारा ट्रांसफार्मर से जान-माल के खतरे की आशंका के बाद यह निर्णय लिया गया। प्रस्ताव की प्रति के साथ विद्युत विभाग को आवेदन देकर तत्काल कार्यवाही की मांग की गई है।

जानकारी अनुसार ग्राम हिरदेनगर के माँ नर्मदा मंदिर के समीप रहने वाले रामप्रताप बर्बे के घर के पास बिजली विभाग का 11 हजार वॉट का ट्रांसफार्मर लगा है। रामप्रताप ने बताया कि ट्रांसफार्मर काफी पुराना हो चुका है और तेज बारिश या आंधी-तूफान के दौरान इससे चिंगारी निकलती है, जिससे किसी भी समय कोई गंभीर दुर्घटना या अनहोनी होने की संभावना बनी रहती है।

बताया गया कि इस खतरे को देखते हुए रामप्रताप ने ग्राम पंचायत से इसे हटाने की गुहार लगाई थी। मामले की गंभीरता को समझते हुए ग्राम पंचायत ने ग्राम सभा आयोजित कर ट्रांसफार्मर को अविलंब हटाने के लिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर दिया। अब विद्युत विभाग से रहवासियों को उम्मीद है कि विभाग इस पर जल्द से जल्द संज्ञान लेकर ट्रांसफार्मर को किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करेगा।



 

Leave a Comment