झमाझम बारिश, अगले तीन दिन भी भारी वर्षा का अलर्ट

मंडला में देर शाम झमाझम बारिश, अगले तीन दिन भी भारी वर्षा का अलर्ट

  • मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश की संभावना

मंडला महावीर न्यूज 29. गुरूवार देर शाम मंडला जिला मुख्यालय में झमाझम बारिश का दौर शुरू हुआ, जो लगभग दो घंटे तक जारी रहा। इस अच्छी बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने बताया कि मंडला में अगले तीन दिनों तक भारी वर्षा, वज्रपात, झंझावात और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना बनी है। बताया गया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून गुरूवार को बिहार के अधिकांश हिस्सों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ा है। अगले 2-3 दिनों के दौरान मध्यप्रदेश के शेष हिस्सों में भी दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढऩे के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं।

बताया गया कि निम्न दबाव का क्षेत्र पूर्वोत्तर झारखंड और निकटवर्ती पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में बना हुआ है और अगले 24 घंटों के दौरान धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम की ओर बढऩे की संभावना है। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम राजस्थान क्षेत्र और पूर्वोत्तर राजस्थान व निकटवर्ती क्षेत्रों में भी चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय हैं। दक्षिण पंजाब से दक्षिण असम तक एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ़ रेखा भी गुजर रही है, जिसमें उत्तर-पूर्व राजस्थान, उत्तर मध्य प्रदेश में चक्रवाती परिसंचरण शामिल है ।

मंडला के लिए चेतावनी 

गुरूवार रात्रि से आज 20 जून सुबह 8.30 बजे तक मंडला जिले में कहीं-कहीं वज्रपात, झंझावात, झोंकेदार हवाएं 40 से 50 किमी प्रति घंटा चलने की संभावना बनी हुई है। इसके बाद 20 जून से 21 जून सुबह 8.30 बजे तक जिले में फिर कहीं – कहीं वज्रपात, झंझावात, झोंकेदार हवाएं 40 से 50 किमी प्रति घंटा चलने की चेतावनी दी गई है। 21 जून सुबह 8.30 बजे से 22 जून सुबह 8.30 बजे तक मंडला जिले में वज्रपात, झंझावात, झोंकेदार हवाएं 40 से 50 किमी प्रति घंटा चलने का पूर्वानुमान है।

किसानों के लिए विशेष सलाह

रैनी सीजन की शुरूआत हो चुकी है, जिसके लिए मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि बारिश या तेज हवा के दौरान उर्वरक या कीटनाशक का छिड़काव न करें। भारी वर्षा के दौरान सोयाबीन, मक्का या दलहनी खरीफ फसलों की बुवाई से बचें। तेज हवा और भारी वर्षा के दौरान नवबोई गई फसलों या नर्सरियों को पुआल या शेड नेट से ढक दें। आंधी-तूफान के समय पशुओं को पेड़ों के नीचे या खुले स्थानों पर न बांधें। पशु शेड को नियमित रूप से साफ और कीटाणुरहित करें। साफ पीने के पानी और सूखी बिछावन की उपलब्धता सुनिश्चित करें।

नागरिकों और किसानों के लिए सलाह 

मौसम विभाग ने भारी बारिश और आंधी-तूफान के मद्देनजर सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

यातायात- भारी वर्षा से दृश्यता कम हो सकती है, जिससे सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। निचले इलाकों में जलभराव से ट्रैफिक जाम हो सकता है। यदि संभव हो तो यात्रा करने से बचें । वाहन धीरे चलाएं और पुलों व ऊँची, खुली सड़कों से बचे।
सुरक्षा- गरज-चमक के दौरान घर के अंदर रहें, खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें । पेड़ों, बिजली के खंभों, अस्थायी शेड और कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंचने की संभावना है । खुले खेतों और बाहरी गतिविधियों के दौरान बिजली गिरने का खतरा रहता है । कंक्रीट के फर्श और दीवारों से दूर रहें । इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल दें।
आपातकालीन तैयारी- आपातकालीन किट में आवश्यक वस्तुएं जैसे कि खराब न होने वाला भोजन, पानी, दवाइयां, टॉर्च और प्राथमिक चिकित्सा किट रखें।



 

Leave a Comment