नर्मदा नदी में छिपाकर रखी थी अवैध शराब

नर्मदा नदी में छिपाकर रखी थी अवैध शराब

  • आबकारी विभाग ने 1900 किलो लाहन किया नष्ट
  • अवैध शराब की भट्टियों पर आबकारी विभाग की छापामार कार्रवाई
  • दो लाख से ज्यादा का मशरूका जब्त, आरोपी फरार

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन में आबकारी विभाग ने एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। गुरुवार को जिला आबकारी अधिकारी रामजी पांडेय के मार्गदर्शन में विभाग की टीम ने देवदरा पंचायत क्षेत्र में सहस्त्रधारा के निकट नर्मदा नदी के किनारे चल रही अवैध शराब की भट्टियों पर दबिश दी।

कार्यवाही के दौरान टीम ने विभिन्न अड्डों से 160 लीटर कच्ची शराब जब्त की। इसके साथ ही आबकारी टीम ने नर्मदा नदी के अंदर छिपाकर रखे गए 190 प्लास्टिक के डिब्बे बरामद किए। इन डिब्बों में शराब बनाने के लिए तैयार किया गया लगभग 1900 किलोग्राम लाहन भरा हुआ था, जिसे टीम द्वारा मौके पर ही विधिवत नष्ट कर दिया गया। जब्त की गई शराब और नष्ट किए गए लाहन की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 14 हजार रुपये आँकी गई है।

बताया गया कि आबकारी विभाग की टीम के पहुँचते ही शराब के अवैध निर्माण में लिप्त आरोपी मौके से भाग खड़े हुए। विभाग ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आबकारी विभाग ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और विक्रय के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

इस कार्यवाही के दौरान आबकारी उपनिरीक्षक गिरिजा धुर्वे, सर्वेश नागवंशी, शैली सैयाम, दुर्जन कुलेश, आरक्षक विजय कमलेश, रघुनाथ उइके, महेश पटेल, शकुंतला सैयाम, प्रिया नायडू, कन्हैया उइके और रविन्द्र टेकाम की सराहनीय भूमिका रही।



 

Leave a Comment