कानफाड़ू साइलेंसर और नियम तोडऩे वालों पर कार्रवाई

कानफाड़ू साइलेंसर और नियम तोडऩे वालों पर कार्रवाई

  • एक सप्ताह में 279 वाहनों पर चालानी कार्यवाही
  • 1.38 लाख से अधिक का समन शुल्क वसूल
  • मंडला यातायात पुलिस का विशेष अभियान

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत तेज आवाज वाले कानफाड़ू साइलेंसर लगे दोपहिया वाहनों और नियम विरुद्ध वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस ने कहा कि अभियान जारी रहेगा जिससे आमजन को यातायात संबंधी असुविधाओं का सामना न करना पड़े।

जानकारी अनुसार यातायात पुलिस द्वारा तेज साउंड वाले और मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर धमाचौकड़ी मचाने वाले वाहनों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। विशेष रूप से बुलेट मोटरसाइकिल चालकों को चिन्हित किया जा रहा है। इसी क्रम में विगत एक सप्ताह में 06 ऐसे वाहनों के खिलाफ चालानी कार्यवाही की गई। इन वाहनों से कानफाड़ू साइलेंसर हटाए गए और उनसे कुल 12 हजार रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया।

नियम विरुद्ध वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई 

जिले में यातायात व्यवस्था में सुधार और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस टीमों ने विगत एक सप्ताह में संपूर्ण जिला अंतर्गत विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर कार्रवाई की है। इसमें तीन सवारी, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले और तेज गति से वाहन चलाने वाले चालक शामिल हैं। कुल 273 ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई, जिनसे 1 लाख 26 हजार 300 रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया है।



 

Leave a Comment