युवक की संदिग्ध मौत पर भड़के ग्रामीण, एनएच 30 किया जाम

युवक की संदिग्ध मौत पर भड़के ग्रामीण, एनएच 30 किया जाम

  • मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे 30 जाम
  • निष्पक्ष जांच की मांग
  • करीब साढ़े चार घंटे ठप रहा यातायात
  • पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे 30 मार्ग बीजाडांडी के ग्राम कालपी में उस समय बाधित हो गया, जब एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले में उसके परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने दोपहर करीब 12 बजे सड़क पर उतरकर हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

नेशनल हाईवे 30 पर जाम लगने से भारी वाहनों के साथ-साथ यात्री वाहन, छोटी चौपहिया वाहन और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह जाम शाम करीब साढ़े चार बजे तक लगा रहा, जिससे हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम हो गया। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। स्थिति को संभालने जिले से भी पुलिस बल बुलाया गया। मौके पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने ग्रामीणों से बात कर स्थिति को नियंत्रित किया और प्रदर्शन समाप्त कराया। जिसके बाद हाइवे पर यातायात सामान्य हो सका।

ग्रामीणों ने कहा आत्महत्या नहीं हत्या 

ग्रामीणों का विरोध बीते दिनों ग्राम पोड़ी में एक युवक के शव मिलने के मामले में पुलिस की शुरुआती रिपोर्ट को लेकर था। बीजाडांडी थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी में 2 जून को एक युवक की खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। स्थानीय पुलिस और चिकित्सक की प्रारंभिक रिपोर्ट में इसे आत्महत्या बताया गया था, लेकिन मृतक के शरीर की स्थिति और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर ग्रामीण इसे हत्या का मामला मान रहे थे। ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि घटनास्थल की परिस्थितियां और शव की स्थिति आत्महत्या के संकेत नहीं देतीं। उनका आरोप था कि बिना गहराई से जांच किए फांसी का निष्कर्ष निकालना न्यायोचित नहीं है।

मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग 

बताया गया कि ग्राम पोड़ी सेक्टर की पांच पंचायतों के क्षेत्रवासियों ने इस संबंध में विगत दिवस एसडीओपी निवास को एक ज्ञापन भी सौंपा था, जिसमें शव का पुन: पोस्टमार्टम कराने की मांग की गई थी। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि उनकी मांगों को अनसुना किया जाता है, तो 16 जून को राष्ट्रीय राजमार्ग 30 स्थित कालपी में चक्काजाम करेंगे। अपनी मांगें नहीं माने जाने पर सैकड़ों ग्रामीणों ने सोमवार को हाईवे जाम कर दिया। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच के साथ जल्द से जल्द आरोपी को पकडऩे की मांग की है।



 

Leave a Comment