मेजबान मंडला ने रायसेन को 4-0 से हराया, जबलपुर ने सिवनी को 3-0 से मात दी

दक्षिण क्षेत्र जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता में मंडला और जबलपुर ने मारी बाजी

  • मेजबान मंडला ने रायसेन को 4-0 से हराया, जबलपुर ने सिवनी को 3-0 से मात दी
  • आज होगा बालाघाट व बैतूल और बुरहानपुर व छिंदवाड़ा का मुकाबला
  • दक्षिण क्षेत्र जूनियर बालक अंतर जिला फुटबॉल प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ

मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र फुटबॉल संघ और जिला फुटबॉल संघ मंडला के तत्वावधान में महात्मा गांधी स्टेडियम मंडला में रविवार को दक्षिण क्षेत्र जूनियर बालक अंतर जिला फुटबॉल प्रतियोगिता 2025 का शुभारंभ हुआ। 22 जून तक लीग आधार पर चलने वाली इस प्रतियोगिता का उद्घाटन नपा अध्यक्ष विनोद कछवाहा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष भीष्म द्विवेदी की उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने खिलाडिय़ों से परिचय लिया। राष्ट्रगान के बाद मैच शुरू हुआ। इस अवसर पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य शुचि उपाध्याय का शॉल व श्रीफल भेंट कर नागरिक अभिनंदन भी किया गया।

प्रतियोगिता का पहला मैच मेजबान मंडला और रायसेन के बीच खेला गया। मंडला की टीम ने खेल के पहले हाफ में बेहतरीन प्रदर्शन किया, वन टच पास और फुटबॉल पर अपनी पकड़ बनाए रखी। खेल के सातवें मिनट में वत्सल ने शानदार गोल कर मंडला को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 20 वें मिनट में रुद्र और 22 वें मिनट में कृष्ण ने गोल कर मंडला को 3-0 से आगे कर दिया। फस्र्ट हाफ की समाप्ति पर मंडला की टीम 3-0 से आगे थी। बारिश के दौरान हुए दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने अच्छा खेल दिखाया, लेकिन बारिश के कारण पहले हाफ जैसी गति और कौशल नहीं दिखा पाए। 55वें मिनट में वत्सल ने एक और गोल कर मंडला को 4-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी। इस तरह, वत्सल के शानदार दो गोल की मदद से मंडला 4-0 से विजयी रहा। इस मैच में खरगोन के प्रतीक वर्मा मुख्य रेफरी, जबकि जबलपुर के रोहित थापा और सतना के निखिल विश्वकर्मा असिस्टेंट रेफरी व शहडोल के राज पुरी फोर्थ ऑफिशियल थे।

जबलपुर ने सिवनी पर दर्ज की जीत 

पहले दिन का दूसरा मैच जबलपुर और सिवनी के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन पहले हाफ के 24वें मिनट में जबलपुर के नागेंद्र ने अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई, जो हाफ टाइम तक बरकरार रही। खेल के दूसरे हाफ में जबलपुर की टीम ने और बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। आरुष ने 80वें मिनट में और अर्णव ने 85वें मिनट में गोल कर जबलपुर को 3-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी। इस मैच में मुख्य रेफरी की भूमिका सतना के अभय बागरी ने निभाई, जबकि असिस्टेंट रेफरी खरगोन के शिवम पाटीदार व शहडोल के राजपुरी थे। फोर्थ ऑफिशियल सतना के निखिल विश्वकर्मा थे।

आज होंगे बालाघाट-बैतूल और बुरहानपुर-छिंदवाड़ा के मुकाबले 

आज सोमवार को दोपहर 2.30 बजे पहला मैच बालाघाट और बैतूल के बीच खेला जाएगा, जबकि शाम 4 बजे दूसरा मैच बुरहानपुर और छिंदवाड़ा के मध्य होगा। अर्जुन समिति ने खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में महात्मा गांधी स्टेडियम पहुंचकर खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। इस अवसर पर प्रतियोगिता संरक्षक वेद प्रकाश कुलस्ते गोल्डी, हॉकी मंडला के सचिव सैयद कमर अली, जिला फुटबाल संघ के उपाध्यक्ष डॉ. दिलीप शर्मा, स्वामी शारदात्मानंद, पुरुषोत्तम उसराठे, राजेश पाठक, अन्नू वासल, रानी दुर्गावती कॉलेज के स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. गुलबहार खान, चंद्रेश खरे, नीरज अग्रवाल, बंटी वासल सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे। इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में पंकज उसराठे, मुजवी हसन, देवेंद्र सरोते, बासु सिंधिया, प्रथम चौकसे, कुशल भवेदी सहित विभिन्न खेल प्रेमी उल्लेखनीय भूमिका निभा रहे हैं।



 

Leave a Comment