नवागत सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने संभाला पदभार, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर जोर
- पदभार ग्रहण करते ही जिला अस्पताल और सीएचसी बीजाडांडी का किया निरीक्षण
मंडला महावीर न्यूज 29. डॉ. डीजे मोहंती ने मंडला के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने मंगलवार दोपहर में अपना पदभार संभाला और सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला स्वास्थ्य अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने उनका हार्दिक स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद डॉ. मोहंती ने सभी विभागीय चिकित्सकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर कार्य करने और राष्ट्रीय कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ सभी आमजन को आसानी से मिलना चाहिए और यह विभाग के प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी का लक्ष्य होना चाहिए।
डॉ. मोहंती ने चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को आने वाले सभी मरीजों को उचित चिकित्सा सुविधा प्रदान करने और उनके साथ सम्मानपूर्वक और व्यवहार कुशल तरीके से पेश आने की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों और अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों को सीएम हेल्पलाइन पर विशेष ध्यान देने और अपने क्षेत्र से संबंधित शिकायतों को शिकायतकर्ताओं से बात करके संतुष्टिपूर्वक बंद कराने के निर्देश दिए। पदभार संभालने के बाद डॉ. मोहंती ने जिला चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी एरिया की व्यवस्था सुधारने, सिकल सेल एनीमिया की जांच पर विशेष ध्यान देने और सभी राष्ट्रीय कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग समय पर करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी चिकित्सकों को एमएलसी रिपोर्ट ऑनलाइन करने के भी निर्देश दिए गए।
बीजाडांडी सीएचसी में सीएमएचओ का आकस्मिक निरीक्षण
गुरुवार को डॉ. मोहंती ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि वीएचएनडी सत्र समय पर आयोजित किए जाएं और यदि किसी कारणवश वे समय पर नहीं लग पाए हैं, तो उन्हें भी लगाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चिकित्सा और पैरामेडिकल स्टाफ को समय पर उपस्थित रहकर मरीजों और हितग्राहियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनके साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने का भी निर्देश दिया।













