शहीद जवान के घर को चोरों ने बनाया निशाना

शहीद जवान के घर को चोरों ने बनाया निशाना, करीब सात लाख के जेवर चोरी

  • हाथीतारा गांव के सूने घर से लाखों की चोरी, पुलिस जांच में जुटी

मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अज्ञात चोरों ने एक बार फिर निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत इंडियन बैंक के सामने स्थित हाथीतारा गांव के शहीद सीआरपीएफ जवान स्वर्गीय मनोज कुमार मरावी के सूने घर को निशाना बनाया। चोरों ने घर से लाखों रुपये के जेवर चोरी कर लिए हैं। शहीद मनोज कुमार मरावी की पत्नी राजकुमारी मरावी ने बताया कि वे रात में एक वैवाहिक कार्यक्रम में पास के गांव सकरी गई हुई थीं। रात लगभग तीन बजे उन्हें गांव के एक व्यक्ति से सूचना मिली कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही वे तत्काल घर पहुंचीं तो देखा कि मेन गेट का ताला, शटर का ताला और अलमारी के अंदर का लॉक भी टूटा हुआ था। घर में कपड़े बिखरे पड़े थे।

राजकुमारी मरावी ने बताया कि अज्ञात चोर सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की चेन, एक जोड़ी कान की झुमकी, एक रानी हार, एक अन्य हार, चांदी की पायल और चांदी का कड्डोरा सहित लगभग 6 से 7 लाख रुपये के कीमती जेवर चुरा ले गए। घटना की जानकारी सुबह निवास पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही निवास थाना प्रभारी वर्षा पटेल और उनका पूरा स्टाफ तत्काल मौके पर पहुंचा। मंडला से फिंगर प्रिंट टीम के पंकज साहू भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जांच में जुट गए। निवास पुलिस अब अज्ञात चोरों की जानकारी जुटाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे


 

Leave a Comment