बीजाडांडी में आलू से भरा अनियंत्रित ट्रक पलटा

बीजाडांडी में आलू से भरा अनियंत्रित ट्रक पलटा, NH-30 मार्ग बाधित

  • ग्रामीणों ने तेज रफ्तार पर जताई चिंता, स्पीड ब्रेकर की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. जबलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में बीजाडांडी के पास मंगलवार को एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में ट्रक में भरे आलू की बोरियां पूरे मार्ग पर बिखर गईं, जिससे कुछ देर के लिए राजमार्ग पर आवागमन बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार एक ट्रक उत्तर प्रदेश से आलू लेकर रायपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन बीजाडांडी स्थित राधाकृष्ण मंदिर के पास पहुँचा, वह अनियंत्रित हो गया और बीएसएनएल टॉवर के पास राजमार्ग पर पलट गया। घटना के बाद पुलिस की मदद से आलू की बोरियों को एक तरफ करवाया गया, जिसके बाद राजमार्ग पर यातायात सुचारु रूप से चालू हो सका। इस दुर्घटना में ट्रक के चालक और परिचालक को चोटें आई हैं। उन्हें ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी में भर्ती कराया गया है।

राधाकृष्ण मंदिर के पास स्पीड ब्रेकर की मांग 

बीजाडांडी और आसपास के ग्रामीणों ने राधाकृष्ण मंदिर बीजाडांडी पर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर वाहनों की अत्यधिक रफ्तार को लेकर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि जबलपुर की तरफ से आने वाले वाहनों की गति बहुत अधिक होती है और जैसे ही वे राधाकृष्ण मंदिर पहुँचते हैं, वहाँ से गाँव की तरफ ढलान होने के कारण गति और बढ़ जाती है। इसी वजह से बीजाडांडी के बीएसएनएल टॉवर और राधाकृष्ण मंदिर के बीच आए दिन सड़क दुर्घटनाएँ होती रहती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वाहनों की रफ्तार कम करने के लिए राधाकृष्ण मंदिर के पास स्पीड ब्रेकर बनाए जाएँ या पुलिस के स्टॉप बैरियर रखकर वाहनों की गति को नियंत्रित किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते वाहनों की रफ्तार कम करने के उपाय नहीं किए गए, तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है। एक ही जगह पर आए दिन हो रही इन सड़क दुर्घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है।



 

Leave a Comment