नारायणगंज बस स्टैंड पर फिर विवाद, सकरी सड़क बनी लड़ाई की वजह

नारायणगंज बस स्टैंड पर फिर विवाद, सकरी सड़क बनी लड़ाई की वजह

  • नारायणगंज की अव्यवस्था पर उठे सवाल
  • प्रशासन की अनदेखी से बढ़ रही परेशानी

मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज का बस स्टैंड क्षेत्र एक बार फिर सुर्खियों में है और इस बार वजह है सड़क पर बढ़ता विवाद। नगर के विकास और कई पंचायतों के गढ़ होने के बावजूद नारायणगंज बाजार की अव्यवस्थाएं स्थानीय लोगों और दूर से आने वालों के लिए परेशानी का सबब बन गई हैं। सोमवार की शाम नारायणगंज बस स्टेंड में शराब दुकान के सामने क्रॉसिंग को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। बताया गया कि एक बाइक सवार अपने रास्ते जा रहा था इसी दौरान सामने से एक कार आ गई। आसपास दुकानदारों के सामने वाहनों का जमावाड़ा लगा था, जिसके कारण रास्ता बेहद सकरा हो गया, जिसके चलते बाइक सवार और कार सवार के बीच तू-तू, मैं-मैं शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। लगभग 15 मिनट तक यह बबाल चलता रहा।

जानकारी अनुसार यह नारायणगंज बस स्टैंड क्षेत्र में ऐसी पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं, जो क्षेत्र की अव्यवस्थित यातायात और अतिक्रमण की समस्या को उजागर करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस असुविधा को लेकर कई बार अखबारों के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन आज तक इस समस्या का कोई ठोस निराकरण नहीं हो पाया है। नारायणगंज क्षेत्र जो सैकड़ों लोगों के दैनिक आवागमन का केंद्र है, वहां की सड़कों पर बढ़ता अतिक्रमण और खराब पार्किंग व्यवस्था आए दिन छोटे-मोटे विवादों को जन्म दे रही है। इस ओर स्थानीय प्रशासन गंभीर दिखाई नहीं दे रहा है। जिसके कारण नारायणगंज मुख्यालय में यातायात व्यवस्थित नहीं और अतिक्रमण भी मार्गो में जमा हुआ है।



Leave a Comment