ग्राम चौकी के सिंघनपुरी नदिया टोला को मिला नवीन ग्राम सभा का दर्जा
- पेसा एक्ट के तहत नारायणगंज में नई ग्राम सभा का गठन
मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र पंचायत उपबंध पेसा एक्ट के तहत मंडला जिले के नारायणगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत चौकी के पोषक ग्राम सिंघनपुरी के नदिया टोला को एक नवीन ग्राम सभा के रूप में गठित किया गया है। यह गठन एक विशेष ग्राम सभा के आयोजन के दौरान किया गया है। बताया गया कि नदिया टोला को नवीन ग्राम सभा बनाने में पेसा समन्वयक सुमेंद्र कुशराम और ब्लॉक समन्वयक जितेंद्र कुमार धुर्वे का मार्गदर्शन मिला। जिसमें मोबिलाइजर सुकवती आर्मो ने ग्राम स्तर पर ग्रामीणजनों को नवीन ग्राम सभा के गठन के लिए जागरूक करने का प्रयास किया गया।
बताया गया कि नवीन ग्राम सभा गठन समारोह में ग्राम के सभी मतदाता उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत सरपंच सिया सोयम, सचिव ललिता यादव, देवेंद्र श्रीवास्तव, जीआरएस महेंद्र सिंगरौर, पूर्व सरपंच सामाजिक कार्यकर्ता भूपेंद्र सिंह सोयाम और मोबिलाइजर इंद्रा उइके, राघवी धुर्वे, बबली मरावी के सहयोग से ग्राम का नजरी नक्शा बनाकर नवीन ग्राम सभा का गठन किया गया।
ग्राम सभा में छह समितियों का किया गठन
बताया गया कि नवीन ग्राम सभा के सुचारु संचालन के लिए सर्वसम्मति से छह समितियों का भी गठन किया गया। इनमें शांति वाद विवाद निवारण समिति, तदर्थ समिति, तेंदूपत्ता संग्रह समिति, मादक पदार्थ निषेध समिति, श्रम शक्ति समिति और ग्राम सभा निधि समिति शामिल हैं। इन समितियों के गठन से नवीन ग्राम सभा के संचालन के लिए एक ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है।











