निवास में हिट एंड रन का कहर

निवास में हिट एंड रन का कहर

  • अज्ञात ट्रक ने बाइक, पिकअप और पुलिस वाहन को मारी टक्कर
  • एक महिला घायल, पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे
  • पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त, जांच जारी

मंडला महावीर न्यूज 29. गत रात्रि निवास में एक चौंकाने वाली हिट एंड रन की घटना सामने आई है, जहाँ एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद एक पिकअप वाहन को भी टक्कर मारी और फिर पीछा कर रहे पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर मौके से फरार हो गया। इस घटना में एक महिला घायल हुई है, जबकि एक अन्य को मामूली चोटें आई हैं।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार यह घटना शुक्रवार देर रात्रि की है जब शहपुरा मार्ग की ओर से आ रहे इंडेन गैस टंकी वाले एक अज्ञात ट्रक ने सबसे पहले निवास नगर में एक दोपहिया वाहन को टक्कर मारी और भाग निकला। इसके बाद निवास से बरेला मार्ग के बीच गुंदलाई ग्राम के पास बरेला की ओर से मजदूरों को लेकर आ रहे एक पिकअप वाहन को सामने से ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना की जानकारी मिलने पर निवास पुलिस ने तुरंत पुलिस टीम को रवाना किया। निवास पुलिस से एएसआई अरुण आर्मो सहित आरक्षक अनुभव दुबे और आशीष तेकाम ने अज्ञात ट्रक का पीछा करना शुरू किया। ट्रक तेज रफ्तार में था, लेकिन पुलिस का वाहन लगातार उसका पीछा करता रहा। कुछ दूरी पर पुलिस ने ट्रक से क्रॉसिंग लेकर अपना वाहन सड़क किनारे खड़ा किया और ट्रक को रोकने का प्रयास किया। बताया गया कि ट्रक की गति धीमी हुई, लेकिन चालक ने अचानक ट्रक को तेज रफ्तार कर पुलिस वाहन को साइड से टक्कर मारते हुए भाग खड़ा हुआ। समय रहते पुलिसकर्मियों ने अपनी जान बचाई, जिससे उन्हें कोई चोट नहीं आई। हालांकि पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक बरेला मार्ग की तरफ भाग गया।

इस घटना में पिकअप वाहन पर सवार डिंडोरी जिले के मेहंदवानी थाना अंतर्गत ग्राम बुलदा निवासी ललिता परस्ते पति राजेंद्र परस्ते 30 वर्ष को चोट आई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति को मामूली चोट लगी। पुलिस ने तत्काल घायल महिला को निवास सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि ट्रक तेज गति में था और रात में ज्यादा ट्रैफिक न होने के कारण एक बड़ी घटना होने से बच गई। निवास पुलिस मामले की जांच कर रही है।


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे


 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles