बिलगाँव सहित दर्जनभर गाँव बूंद-बूंद पानी को तरसे

बिलगाँव सहित दर्जनभर गाँव बूंद-बूंद पानी को तरसे

  • जल जीवन मिशन की नल-जल योजना ठप्प
  • ग्रामीण 50 फीट गहरे कुएँ से पानी निकालने को मजबूर

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले की चन्दवारा ग्राम पंचायत के बिलगाँव और उसके आसपास के लगभग दर्जन भर गाँवों में इन दिनों भीषण जल संकट गहरा गया है। पिछले एक सप्ताह से जल जीवन मिशन योजना के तहत सालीवाड़ा से संचालित नल-जल योजना पूरी तरह से ठप्प पड़ी है, जिससे बिलगाँव, सालीवाड़ा, सुनटिकरी, हराटीकुर और मूनू जैसे गाँवों में पानी की सप्लाई पूरी तरह से बंद हो गई है। इसका खामियाजा स्थानीय ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है, जो पीने के पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।

जानकारी अनुसार जल जीवन मिशन योजना की यह बड़ी लापरवाही ग्रामीणों के लिए एक गंभीर समस्या बन गई है। पानी की कमी के कारण लोग दैनिक जरूरतों के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं। सबसे विकट स्थिति पीने के पानी की है, जिसके लिए ग्रामीण एक किलोमीटर दूर स्थित एक मात्र कुएँ पर निर्भर हैं। जल संकट की यह भयावह स्थिति तस्वीर में स्पष्ट नजर आ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि बिलगाँव के लोग अलसुबह 4 बजे से ही पति, पत्नी और बच्चे मिलकर लगभग 50-60 फीट गहरे कुएँ से पानी खींचने को मजबूर हैं। पेयजल की यह समस्या नलजल योजना के दावों की पोल खोल रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल इस गंभीर समस्या पर ध्यान देने और ठप्प पड़ी नल-जल योजना को प्राथमिकता के आधार पर सुचारु रूप से चालू कराने की मांग की है, जिससे उन्हें बूंद-बूंद पानी के लिए भटकना न पड़े।


 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles