सीईआईआर पोर्टल से 1676 गुम मोबाइल फोन बरामद

मंडला पुलिस की बड़ी सफलता

  • सीईआईआर पोर्टल से 1676 गुम मोबाइल फोन बरामद
  • कोतवाली पुलिस ने 18 लाख के 120 मोबाइल फोन मालिकों को सौंपे
  • सीईआईआर पोर्टल बना मददगार

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस ने भारत सरकार के सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल का शत-प्रतिशत उपयोग कर गुम हुए मोबाइल फोनों की रिकवरी में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस तकनीकी पहल से वर्ष 2024 से अब तक कुल 1676 मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जा चुके हैं। सिर्फ वर्ष 2025 में जिले के विभिन्न थानों द्वारा 584 मोबाइल फोन ट्रेस कर वापस किए गए हैं।

जानकारी अनुसार थाना कोतवाली मंडला की साइबर टीम ने लगभग 18 लाख रुपये कीमत के कुल 120 गुम मोबाइल फोन सफलतापूर्वक ट्रेस कर उनके वास्तविक धारकों को सौंपे। मंडला पुलिस सभी नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन खोने या चोरी होने की स्थिति में घबराएं नहीं और तुरंत सीईआईआर पोर्टल का उपयोग करें। यह प्रक्रिया सरल, सुरक्षित और पूरी तरह से नि:शुल्क है।

मंडला पुलिस टीम की सराहना 

इस मोबाइल फोन रिकवरी अभियान में एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा के निर्देशन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शफीक खान, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक हिमांशु चौहान, साइबर नोडल थाना से पुनीत जंघेला व धीरेंद्र रुगदिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके प्रयासों की सराहना करते हुए मध्य प्रदेश पुलिस महानिदेशक द्वारा मंडला पुलिस टीम को नगद राशि से पुरस्कृत भी किया गया है।

यदि किसी नागरिक का मोबाइल फोन खो गया है या चोरी हो गया है, तो वह निम्न आसान चरणों से शिकायत दर्ज कर सकता है

1. नजदीकी थाने में जाकर मोबाइल गुम होने की शिकायत दर्ज कराएं।
2. मोबाइल का IMEI नंबर (बिल/बॉक्स पर लिखा होता है) अपने पास रखें।
3. https://ceir.gov.in पर जाएं।
4. “Block Stolen/Lost Mobile” विकल्प चुनें और मांगी गई जानकारी भरें।
5. आवश्यक दस्तावेज़ अपलोड करें और फॉर्म सबमिट करें।
6. मोबाइल ब्लॉक हो जाएगा, जिससे उसका दुरुपयोग नहीं हो सकेगा।
7. मोबाइल मिल जाने पर “Unblock Found Mobile” के विकल्प से पुनः चालू कराया जा सकता है।


 

Leave a Comment