तीन बच्चों को मिली रोशनी, एक की सर्जरी सोमवार को
- जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में 17 बच्चों में से 11 का पहले ही हो चुका था उपचार
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला कलेक्टर के दूरदर्शी मार्गदर्शन में चलाए जा रहे मिशन नेत्र ज्योति के तहत मंडला जिले में मोतियाबिंद से ग्रसित बच्चों को नई रोशनी देने का कार्य सफलतापूर्वक जारी है। इस मिशन के अंतर्गत कुल 17 बच्चों को मोतियाबिंद से ग्रसित चिह्नित किया गया था, जिनमें से 11 बच्चों का उपचार 19 मई को पहले ही किया जा चुका था। मंगलवार को शेष बच्चों के उपचार के लिए एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 9 बच्चों को आरबीएसके टीम द्वारा लाया गया।
बताया गया कि शिविर में 4 बच्चों को सर्जरी के लिए चयनित कर जिला चिकित्सालय मंडला के वार्ड नंबर 52 में भर्ती कर लिया गया था। इनमें से तीन बच्चों की मोतियाबिंद की सर्जरी मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई है। बताया गया कि एक बच्ची के उपचार के दौरान अस्थिर होने के कारण उसकी सर्जरी सोमवार को एनेस्थीसिया के माध्यम से की जाएगी। इन सभी बच्चों का ऑपरेशन नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. तरुण अहिरवाल द्वारा किया गया।
बताया गया कि जिन बच्चों की सर्जरी हुई है, उनमें संजना परस्ते पिता माते सिंह परस्ते 9 वर्ष ग्राम बढ़वार, श्रवण परस्ते पिता माते परस्ते 12 वर्ष ग्राम बढ़वार और अंशिका भंवरे पिता जगत 11 वर्ष ग्राम हीरापुर शामिल हैं। इन सभी बच्चों का नि:शुल्क ऑपरेशन किया गया और सभी बच्चे स्वस्थ हैं । यह नि:शुल्क ऑपरेशन इन बच्चों और उनके परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, क्योंकि मोतियाबिंद के कारण उनकी शिक्षा और सामान्य जीवन पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा था। शिविर के दौरान सीएमएचओ डॉ. केसी सरोते, सिविल सर्जन डॉ. विजय सिंह धुर्वे, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. तरुण अहिरवाल, आरबीएसके प्रबंधक अर्जुन सिंह, आरबीएसके डॉक्टर, एएनएम, संजय भोयर के साथ आईओपीडी, ओटी के स्टाफ उपस्थित रहे ।









