सड़क दुर्घटना में पिता, पुत्र और बेटी गंभीर रूप से घायल

सड़क दुर्घटना में पिता, पुत्र और बेटी गंभीर रूप से घायल

  • बीजाडांडी के मोईयानाला मोड़ पर दर्दनाक हादसा
  • कार-बाइक की टक्कर में पिता-बेटी 40 फिट नीचे खाई में गिरे
  • गलत दिशा से आई कार ने मारी टक्कर, गंभीर घायल जबलपुर रेफर

मंडला महावीर न्यूज 29. जबलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में शनिवार की सुबह थाना बीजाडांडी अंतर्गत ग्राम मोईयानाला के समीप एक मोड़ पर हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्य बाईक में जा रहे पिता, पुत्र और बेटी बुरी तरह घायल हो गए। इस घटना में पिता और बेटी करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में पिता बेटी गंभीर रूप से घायल हुए। हादसे के बाद स्थनीय लोगों ने बीजाडांडी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों खाई से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए बीजाडांडी सामुदायिक स्वास्थ्य भेजा गया। जहां चिकित्सक ने घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल रैफर कर दिया। वहीं सुनील मरावी पिता चेतराम मरावी का उपचार बीजाडांडी में चल रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 8 बजे मंडला से जबलपुर की ओर जा रही एक कार क्रमांक यूपी 32 जीएस 7610 ने विपरीत दिशा से समनापुर से बीजाडांडी की ओर आ रही बाइक क्रमांक एमपी 20 एनटी 4774 को गलत दिशा में आकर सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का अगला पहिया कार में फंस गया और बाइक सवार चेतराम मरावी 50 वर्ष और उनकी बेटी बबली मरावी 26 वर्ष लगभग 40 फीट गहरी खाई में नीचे जा गिरे। वहीं सुनील मरावी पिता चेतराम मरावी 30 वर्ष भी घायल हुए। जिसका उपचार बीजाडांडी सीएचसी में किया जा हा है। घटना के तुरंत बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया 

दुर्घटना के फौरन बाद मोईयानाला के ग्रामीणों ने डायल 100 को सूचना दी। खबर मिलते ही डायल 100 की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से तीनों घायलों को भारी मशक्कत के बाद तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी ले जाया गया। बताया गया कि पिता और बेटी खाई में अचेत अवस्था में थे, उन्हें स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से पुलिस ने अपने वाहन से अस्पताल में भर्ती कराया।

पिता और बेटी जबलपुर रेफर, पुत्र का इलाज जारी 

इस टक्कर में चेतराम मरावी उनके पुत्र सुनील मरावी और बेटी बबली मरावी घायल हुए हैं। पिता चेतराम और बेटी बबली के पूरे शरीर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल चिकित्सालय जबलपुर रेफर कर दिया गया है। वहीं पुत्र सुनील मरावी का इलाज बीजाडांडी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



 

Leave a Comment