महिलाओं ने निकाली तिरंगा यात्रा

महिलाओं ने निकाली तिरंगा यात्रा

  • पुलिस लाइन के शहीद स्मारक में हुआ समापन
  • महिला समन्वय समिति ने निकाली शौर्य सम्मान यात्रा

मंडला महावीर न्यूज 29. हाल ही में सफलतापूर्वक सम्पन्न किए गए ऑपरेशन सिंदूर की उपलब्धि के उपलक्ष्य में मंडला की महिला समन्वय समिति ने शौर्य सम्मान यात्रा निकाली। यह यात्रा सेना के शौर्य और मातृशक्ति की रक्षा हेतु किए गए अदम्य साहस को समर्पित रही। यात्रा का शुभारंभ शाम 5 बजे सरस्वती शिशु मंदिर, लालीपुर से हुआ, जो शहर के प्रमुख मार्ग बस स्टैंड, चिलमन चौक, बड़ चौराहा, रेडक्रॉस, बैगा बैगी चौक, और नेहरू स्मारक होते हुए पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर जाकर संपन्न हुई।

पुलिस लाइन में आयोजित शौर्य सम्मान कार्यक्रम में शहीदों को नमन कर दीप प्रज्वलित किए गए। इस अवसर पर शहीद परिवारों को पुष्पहार, शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। मंच से उर्वशी राय, तनुश्री और हीरानंद चंद्रवंशी ने देशभक्ति से ओतप्रोत भाषणों से जनसमूह को संबोधित किया। कहा कि भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूरÓ के माध्यम से पूरे देश को गर्व से भर दिया है। हमारे जांबाज जवानों ने जिस तरह दुश्मन के इरादों को नेस्तनाबूद किया है वह हमारी सैन्य शक्ति और राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक है। इस ऑपरेशन में पाकिस्तान की धरती पर मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया और नौ आंतकवादियों को मौत के घाट उतारा। यह कार्रवाई सिर्फ एक जवाबी हमला नहीं है बल्कि उन माताओं-बहनों के आंसुओं का प्रतिशोध है जिनका सिंदूर पहलगाम जैसी घटनाओं में मिटा दिया गया था।

यात्रा में मातृशक्तियां भारत माता एवं तीनों सेनाओं की वेशभूषा में शामिल रहीं, जबकि महिलाओं ने विंग कमांडर व्योमिका सिंह, कर्नल सोफिया कुरैशी और ऑपरेशन सिंदूर से संबंधित तख्तियों के साथ देशभक्ति के नारे लगाते हुए जोशपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में महिलाओं का उत्साह और राष्ट्रभक्ति देखने योग्य रही। बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों सहित बच्चों की भागीदारी ने इस आयोजन को भव्यता प्रदान की। यह यात्रा न केवल भारतीय सेना के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर रही, बल्कि राष्ट्रीय एकजुटता एवं महिला सशक्तिकरण का संदेश देने वाली एक प्रेरणादायक पहल भी सिद्ध हुई।


 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles