मंडला पुलिस ने किया बलवा ड्रिल

मंडला पुलिस ने किया बलवा ड्रिल

  • आपातकालीन स्थितियों से निपटने का किया अभ्यास
  • भीड़ नियंत्रण उपकरणों के साथ पुलिस ने किया मॉक ड्रिल
  • ग्राम रक्षा समिति भी हुई शामिल

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस लाइन मंडला में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया। मप्र पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के तहत आयोजित इस ड्रिल का उद्देश्य कानून व्यवस्था के दौरान आने वाली चुनौतियों से निपटना, आपातकालीन परिस्थितियों में स्थिति पर नियंत्रण रखना और समाज में भयमुक्त वातावरण बनाए रखना है। मंडला पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में हुई जनरल परेड के दौरान पुलिसकर्मियों ने विभिन्न प्रकार के भीड़ नियंत्रण उपकरणों का अभ्यास किया। इनमें आंसू गैस ग्रेनेड, चिली ग्रेनेड, इस्टन ग्रेनेड, डाई मार्कर ग्रेनेड, नॉर्मल सेल ग्रेनेड, सॉफ्ट नोज सेल एलआर, एसआर और इलेक्ट्रिक सेल ग्रेनेड जैसे शस्त्र शामिल थे, जिनका टीयर गैस गन और वज्र वाहन से संचालन कर अभ्यास किया गया।

बलवा ड्रिल के माध्यम से पुलिसकर्मियों को आपातकालीन स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया गया। ड्रिल में दंगाइयों को रोकने के विभिन्न तरीके सिखाए गए, जिनमें उपकरणों का इस्तेमाल, आंसू गैस के गोले दागना, भीड़ को तितर-बितर करने के लिए स्मोक गैस का उपयोग करना और दंगे के दौरान घायल लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शामिल था।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा ने बताया कि मंडला पुलिस ने बलवा ड्रिल का रिहर्सल किया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के रिहर्सल समय-समय पर किए जाते हैं जिससे हमारी तैयारी में कोई कमी रहती है तो उसमें सुधार किया जा सके और बलवा जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर पुलिस को त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार किया जा सके।

ड्रिल के दौरान रक्षित निरीक्षक सुनील नागवंशी, थाना प्रभारी आरती धुर्वे, सूबेदार सहित जिला बल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बलवा ड्रिल में आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए ग्राम एवं नगर रक्षा समिति के सदस्यों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।


 

Leave a Comment