संविदा स्वास्थ्य कर्मियों को मिला आश्वासन हड़ताल स्थगित

संविदा स्वास्थ्य कर्मियों को मिला आश्वासन हड़ताल स्थगित

  • उपमुख्यमंत्री, मिशन संचालक से चर्चा के बाद लिया निर्णय

मंडला महावीर न्यूज 29. 22 अप्रैल से शुरू हुई संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल सात दिन बाद स्थगित कर दी गई है। भोपाल में प्रदेश कार्यकारिणी की स्वास्थ्य मंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ मिशन संचालक एनएचएम के साथ मीटिंग हुई जिसमें सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाने का भरोसा दिलाया गया है। जिसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी ने हडताल को स्थगित करने का निर्णय लिया है और कहा है कि मांग पूरी ना होने की स्थिति में संविदा कर्मचारी कभी भी हडताल पर आगे बढने के लिए तैयार रहेंगे। हड़ताल स्थगित होने के बाद जिले में संविदा कर्मचारी अपने कार्य पर लौट गए हैं।

जानकारी के मुताबिक संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 22 अप्रेल से अनिश्चितकालीन हडताल पर चले गए थे। संविदा कर्मियों की मांग थी कि रिक्त 50 प्रतिशत पदों पर संविदा कर्मियों का संविलियन कर नियमित किया जाए, ईएल, मेडिकल को यथावत रखा जाए, अनुबंध प्रथा को समाप्त किया जाएं, शुरू किए गए अप्रेजल को समाप्त किया जाए, सेवनिवृत्ति 65 वर्ष रखी जाये, एनपीएस, ग्रेज्युटी, बीमा, डीए दिया जाए, वेतन निर्धारण विसंगति कोदूर किया जाए, निष्कासित सपोर्ट स्टाफ एवं मलेरिया एमपीडब्ल्यू की वापसी की जाए।

सात दिन तक लगातार हड़ताल के बाद सोमवार शाम को भोपाल में प्रदेश कार्यकारिणी और उपमुख्यमंत्री, मिशन संचालक के साथ बैठक हुई। जिसमें अप्रेजल, स्वास्थ्य बीमा, ईपीएफ, समकक्षता निर्धारण, ग्रेजुएटी, अर्जित एवं मेडिकल अवकाश, हडताल अवधि का वेतन, कार्यवाही वापसी पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया। जिसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी ने हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया। मंगलवार को मंडला में जिलाध्यक्ष डॉ मुकेश झारिया के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन समेत सभी बीएमओ को हड़ताल स्थगित होने की सूचना देते हुए संविदा कर्मी काम पर वापस लौट गए। जिलाध्यक्ष ने बताया कि मांग पूर्ण ना होने की स्थिति में जिले के संविदा कर्मी आंदोलन के लिए कभी भी एकजुटता से तैयार रहेंगे।


 

Leave a Comment