भगवान श्रीराम पर आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में विहिप और बजरंग दल का प्रदर्शन
- मंडला पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
मंडला महावीर न्यूज 29. विजय नगर स्थित जॉय स्कूल के संचालक द्वारा भगवान श्रीराम और हिंदू समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक मंडला को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बताया गया कि प्रदर्शनकारियों ने स्कूल के बाहर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था, इसी दौरान स्कूल प्रबंधन द्वारा कार्यकर्ताओं को उकसाने और अपशब्द कहने का भी प्रयास किया गया।
ज्ञापन में विहिप और बजरंग दल ने कहा है कि जॉय स्कूल के संचालक जिसका पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि मैंबन का घर अवैध रूप से निर्मित है और प्रशासन को उसे तोडऩा चाहिए। इसके साथ ही संगठन ने मांग की है कि इस मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों डेविड जॉर्ज, अरविंद एंड्रयू, क्रिस्टोफर एंथोनी और इसाक चौरे (बॉबी) जिन्होंने कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को सोशल मीडिया पर साझा किया है, उनके खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
बताया गया कि घटना के संबंध में विजय नगर थाना जबलपुर में स्कूली संचालक के खिलाफ पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है, लेकिन अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस बात को लेकर हिंदू संगठनों में आक्रोश है। विहिप और बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।









