10 साल से फरार वारंटी को मथुरा से किया गिरफ्तार

10 साल से फरार वारंटी को मथुरा से किया गिरफ्तार

  • पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बम्हनी पुलिस टीम ने की कार्रवाई

मंडला महावीर न्यूज 29. थाना बम्हनी बंजर पुलिस ने वर्ष 2013 के एक प्रकरण में 10 वर्षों से फरार चल रहे अभियुक्त सतीश चंद्र जाटव को मथुरा, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। थाना बम्हनी में वर्ष 2013 में आरोपी सतीश चन्द्र जाटव के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा के तहत अपराध दर्ज किया गया था। विवेचना के बाद आरोपी के विरुद्ध चालान माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां विचारण के बाद माननीय न्यायालय ने आरोपी को 10 वर्ष के कारावास और 10 हजार रुपये के जुर्माने से दंडित किया था।

बताया गया कि माननीय उच्च न्यायालय द्वारा अभियुक्त की अपील खारिज करते हुए वर्ष 2019 में उसे एक माह के भीतर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था, लेकिन अभियुक्त लगातार फरार चल रहा था। इस पर माननीय न्यायालय चतुर्थ अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश मंडला द्वारा अभियुक्त सतीश चंद्र जादव पिता रामदयाल जादव, निवासी नया नगला गली नंबर 08 डेम्पियर नगर थाना कोतवाली मथुरा उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार करने के लिए वारंट जारी किया गया था।

पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा थाना प्रभारी बम्हनी बंजर को वारंट की तामीली के लिए निर्देशित किया गया था। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नैनपुर के निर्देशन में थाना प्रभारी बम्हनी बंजर उप निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह भदौरिया ने सहायक उप निरीक्षक मुकेश चौरसिया के नेतृत्व में एक टीम को मथुरा उत्तर प्रदेश भेजा। पुलिस टीम ने अथक प्रयास कर उक्त अभियुक्त को मथुरा से गिरफ्तार किया और माननीय न्यायालय में पेश किया।

इस वारंट की तामीली में थाना प्रभारी बम्हनी बंजर उप निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह भदौरिया, सहायक उप निरीक्षक मुकेश चौरसिया, प्रधान आरक्षक ओम प्रकाश, महिला प्रधान आरक्षक सुशीला मरावी, आरक्षक रंजीत धुर्वे, आरक्षक शिवराम बघेल, आरक्षक उमराव और साइबर सेल मंडला के आरक्षक सुरेश भटेरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


 

Leave a Comment