चरित्र संदेह पर पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से की हत्या

चरित्र संदेह पर पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से की हत्या

  • बीती रात हुआ था विवाद, स्वयं को बचाने पुलिस को कर रहा था गुमराह

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड भुआ बिछिया के थाना अन्तर्गत ग्राम माझीपुर में संतोष मरावी ने अपनी पत्नी साधना की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में ले जाकर छोड़ दिया। जिसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने बिछिया पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को आरोपी पति संतोष गुमराह करता रहा, लेकिन पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो हत्या करना स्वीकार कर लिया।

जानकारी अनुसार बिछिया के ग्राम माझीपुर निवासी संतोष मरावी 35 वर्ष अपनी पत्नी साधना मरावी 30 वर्ष के चरित्र पर संदेह करता था। इन दोनों के बीच इस बात को लेकर कई बार वाद विवाद भी हुआ था। इसी बात को लेकर बीती रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि संतोष ने अपनी पत्नी साधना की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद लाश को घर के समीप एक खेत में ले जाकर छोड़ दिया। सुबह जब ग्रामीणों ने साधना को खून में लथपथ मृत अवस्था में देखा तो स्तब्ध रह गए।

बताया गया कि मृतिका साधना की हत्या की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते घटना स्थल पर लोगों का हुजूम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतिका के पति से पूछताछ की। पूछताछ में पति संतोष ने कहा कि पत्नी सुबह शौच के लिए गई थी, इस दौरान किसी ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस को लगा कि पति संतोष गुमराह कर रहा है। पुलिस ने जब संतोष से सख्ती से पूछताछ की तो उसने पत्नी की हत्या करना स्वीकार लिया। पुलिस ने पति संतोष को गिरफ्तार कर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल बिछिया भेजा और प्रकरण दर्ज कर लिया।


 

Leave a Comment