चुटका परियोजना की मंजूरी के लिए 26 मांगों की थी शर्त
- 12 वर्ष बाद भी शर्तो पर नहीं किया अमल
- चुटका परियोजना अधिकारियों को गांव से किया बाहर
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, चुटका परमाणु परियोजना के अधिकारी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी ग्राम चुटका पहुंचे। कलेक्टर के आने से पहले नारायणगंज जनपद सीईओ और चुटका परियोजना अधिकारी द्वारा पंचायत सचिव को हरी झंडी निकालने को कहा, लेकिन वहां उपस्थित लोग आक्रोशित हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने कहा कि हम परियोजना का विरोध कर रहे हैं और आप परियोजना को हरी झंडी दिखाने आए हैं।
बताया गया कि चुटका परियोजना के अधिकारियों को ग्राम के लोगों ने गांव से बाहर कर दिया। काफी गहमा गहमी के बाद मौके पर उपस्थित लोगों ने आयोजित कार्यक्रम को छोड़ कर अपने घर जाने का निर्णय लिया। इसकी जानकारी एसडीएम निवास को लगी, तो उन्होंने चुटका परमाणु विरोधी संघर्ष समिति अध्यक्ष दादु लाल कुङापे से बात की और बताया कि यह बैठक चुटका परियोजना के संबंध में नहीं है। कलेक्टर आप लोगों से सामान्य समस्याओं पर चर्चा करने आ रहे हैं। इसके बाद गांव के महिला, पुरुष और अन्य गांव के लोग कलेक्टर से मिलने रूके। कलेक्टर ने उपस्थित लोगों से कहा कि मैं आप लोगों से मिलने आया हूं, परियोजना की बात करने नहीं आया हूं। इस दौरान मंडला कलेक्टर ने शासन से मिल रही योजनाओं का फीडबैक लिया और बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
शर्तो पर नहीं किया गया अमल
दादु लाल कुड़ापे गांव की ओर से बात रखते हुए कहा कि गोंझी में बनाया गया पुनर्वास स्थल हमारे रहने के हिसाब से बहुत ही छोटा है। दूसरा ग्राम पंचायत पाठा के अन्तर्गत चुटका की ग्राम सभा ने 16 मार्च 2012 को 26 मांगों की शर्तें पूरी होने पर परियोजना की सशर्त मंजूरी दी थी। जिसमें पहली मांग थी कि अर्जित भूमि का मुआवजा 60 लाख रुपये हेक्टेयर दिया जाए, जो नर्मदा घाटी में सरदार सरोवर बांध के किसानों को उच्चतम न्यायालय के आदेश पर दिया गया है। प्रत्येक विस्थापित परिवार को कृषि योग्य पांच एकड़ भूमि दी जाए। समस्त विस्थापित परिवारों के वयस्क बेरोजगार युवक, युवतियों को उसकी योग्यता के अनुसार शासकीय नौकरी प्रदान की जाए। इसी सशर्त परियोजना की सशर्त मंजूरी दी थी। लेकिन 12 साल बाद भी आज तक इस पर अमल नहीं किया गया है।
भोपाल बैठक में करेंगे चर्चा
ग्रामीणों ने कहां कि मांग पूरी नहीं होने तक हम लोग गांव नहीं छोड़ेगे। इस पर कलेक्टर ने कहा कि मैं अभी इस संबंध कुछ नहीं बता पाऊंगा। भोपाल में जब बैठक होगी तो इस संबंध में चर्चा करुंगा और दो महीने बाद बता पाऊंगा कि सरकार का क्या कहना है। परमाणु संघर्ष समिति की महिला अध्यक्ष मीरा बाई मरावी के यहां कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारीगण पहुंचे। चुटका में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम मानेगांव, पाठा, कुंडा, भालीवाङा, टाटीघाट, मोहगांव, चुटका, घोंटखेङा समेत अन्य गांव के लोग शामिल थे। इसके साथ ही जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र बरकड़े, नारायणगंज के रतन सिंह ठाकुर, चुटका के भूतपूर्व सरंपच दयाल सिंह कोकडिय़ा, कुंडा सरपंच मोती लाल मार्को, पाठा सरपंच मंगो बाई उर्वेती, बरगी मत्स्य संघ के अध्यक्ष मुन्ना बर्मन, मुन्ना यादव, सोना बाई, मनीषा बाई, क्षमिया बाई मौजूद रही।