बीजाडांडी जनपद पंचायत में बड़ा उलट फेर

बीजाडांडी जनपद पंचायत में बड़ा उलट फेर

  • जनपद पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित
  • बीजाडांडी जनपद के 12 में से 9 सदस्यों ने दिया अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में वोट

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की बीजाडांडी जनपद पंचायत में एक बड़ा राजनीतिक परिवर्तन हुआ है। बीजाडांडी जनपद में अचानक हलचल से राजनैतिक दलों में हलचल मच गई है। 9 जनपद सदस्यों ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कर सभी को सकते में डाल दिया। सूत्रों ने बताया कि इस हलचल के पीछे सदस्यों और अध्यक्ष के बीच समन्वय नहीं बन पा रहा था, जिसके कारण सदस्यों ने यह फैसला लेकर अविश्वास प्रस्ताव पारित कर दिया।

जानकारी अनुसार बीजाडांडी जनपद पंचायत अध्यक्ष करिश्मा पुट्टा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया है। गुरुवार को जिला पंचायत मंडला के सभागार में हुई वोटिंग में 12 सदस्यों में से 9 ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। बीजाडांडी जनपद पंचायत अध्यक्ष करिश्मा पुट्टा के समर्थन में केवल 3 ही सदस्य रहे।

बताया गया कि बीजाडांडी जनपद पंचायत उपाध्यक्ष विजेंद्र यादव ने अविश्वास प्रस्ताव पारित होने की पुष्टि की है, लेकिन इस बदलाव के पीछे के कारणों पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। करिश्मा पुट्टा जुलाई 2022 में हुए पंचायत त्रिस्तरीय चुनाव में 12 में से 7 वोट हासिल कर अध्यक्ष बनी थीं। लगभग ढाई साल के कार्यकाल के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया है। अब जनपद अध्यक्ष के लिए नए चुनाव कराए जाएंगे।



Leave a Comment