छात्रों ने जैविक खाद्य के फायदे और बनाने के जाने तरीकें
- राष्ट्रीय विज्ञान दिवस में छात्रों ने किया कृषि विज्ञान केंद्र का भ्रमण
मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर पर्यावरण शिक्षण कार्यक्रम के तहत पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन भोपाल के सहयोग से एकीकृत शासकीय हाई स्कूल बिंझिया के इको क्लब के छात्र एवं छात्राओं को कृषि विज्ञान केंद्र का भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर कृषि में योगदान देने वाले आधुनिक वैज्ञानिक यंत्रों को छात्रों को दिखाकर उनका उत्साह वर्धन किया। इसके साथ ही जैविक खाद बनाने के विभिन्न तरीकों का विस्तार से अवलोकन कर छात्रों को खेती में होने वाले जैविक खाद्य के फायदे को बताया गया।
पर्यावरण विशेषज्ञ राजेश क्षत्री ने कहां कि भारत कृषि प्रधान देश है एवं दुनिया के सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश होने के कारण वैज्ञानिक तरीके से कृषि उत्पादन में वृद्धि आवश्यक है। इसलिए आज की आवश्यकता है कि पुरानी खेती की पद्धति में परिवर्तन कर वैज्ञानिक एवं उन्नत प्रकार की खेती में आने वाली पीढ़ी को जोड़ा जा सके। भ्रमण के दौरान छात्रों को उन्नत नस्ल की गाय, मुर्गी पालन केंद्र, बकरी पालन केंद्र दिखाया गया। वैज्ञानिक तरीके से फसल उत्पादन दिखाकर छात्रों को गेहूं एवं चने की विभिन्न प्रजातियों की फसलें दिखाई गई।
शैक्षणिक भ्रमण दौरान विद्यार्थियों को रानी पार्क कटरा में सामाजिक वानिकी द्वारा प्रकृति के संतुलन के लिए जंगलों की बढ़ोतरी में लगाए जाने वाले पौधों की तैयारी की जानकारी दी गई। वर्मी कम्पोस्ट, सौर्य पैनल, ग्रीन पॉली हाउस एवं हीट पोली हाउस की जानकारी भी बच्चों को दी गई। कायक्रम के अंत में छात्रों का एक सेमिनार भी आयोजित किया गया जिसमें अनेक विशेषज्ञों के द्वारा बच्चों को जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मार्गदर्शन मुकेश पांडे प्राचार्य एकीकृत हाई स्कूल बिंझिया द्वारा किया गया। अखिलेश उपाध्याय इको क्लब प्रभारी द्वारा पर्यावरण शिक्षण कार्यक्रम के महत्व एवं उद्देश्यों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संयोजन राजेश क्षत्री पर्यावरण विशेषज्ञ व पर्यावरण प्रबंधन समिति सदस्य द्वारा किया गया। विद्यार्थियों के मध्य चित्रकला प्रतियोगिता एवं निबंध, भाषण प्रतियोगिता आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्रपाल श्याम, श्रीमती गायत्री शुक्ला, श्रीमती सुषमा पटेल, श्रीमती संगीता मेश्राम, सुश्री दिव्याधर वनपाल एवं दीप नारायण तिवारी वन रक्षक सामाजिक वानिकी रानी पार्क का विशेष सहयोग रहा।














