ऊँ नम: शिवाय के जयकारे से गूंजा मंडला

दूध, दही, घी, शहद, शक्कर, भभूत, भांग से किया शिव का अभिषेक

  • ऊँ नम: शिवाय के जयकारे से गूंजा मंडला
  • महाशिवरात्रि पर महाकाल का हुआ विशेष श्रृंगार
  • शिवालयों में लगा भक्तों का तांता, धूमधाम से मनाई महाशिवरात्रि
  • नर्मदा तटों पर रहे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मंडला महावीर न्यूज 29. महाशिवरात्रि पर्व शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही शिवालयों में भोले का अभिषेक करने श्रृद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। यह क्रम देर शाम तक चलता रहा। श्रृद्धालुओं ने दूध, दही, घी, शहद, शक्कर, भभूत, भांग आदि से शिव का अभिषेक किया। धार्मिक समितियों ने भी जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया। मंदिरों में भजन कीर्तन का आयोजन सुबह से देर रात्रि तक चलता रहा। शिवरात्रि के अवसर पर दूर दूर से श्रृद्धालु नर्मदा स्नान करने पहुंचे। रपटा घाट पर भीड़ भाड़ रही। पूरा माहौल भक्तिमय हो गया, चारो तरफ ऊँ नम: शिवाय के जयकारे गूंज रहे थे। भक्त भोले में लीन नजर आ रहे थे। महा शिवरात्रि के मौके पर मंदिर को फू ल मालाओं से सजाया गया। कुछ लोग स्थानीय नदियों का पवित्र जल को कांवर में रखकर चढ़ा रहे थे तो वहीं नर्मदा जी से भी कई कांवरिये जल लेकर धार्मिक स्थानों की ओर निकले।

जानकारी अनुसार महाशिवरात्रि के अवसर पर नर्मदा तटों समेत शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा। श्रृद्धालु मां नर्मदा में स्नान पूजन करने पहुंचे। जिसे देखते हुये जिला प्रशासन, नपा द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए। घाटों में बेरियर लगाया गया। शहर के रपटा घाट, संगम घाट में सुरक्षा के इंतजाम किये गये। नर्मदा तटों में पुलिस बल बड़ी संख्या तैनात रहा।

रपटाघाट में हुआ आयोजन

रपटाघाट में माँ रेवा सेवा महाआरती समिति के तत्वाधान में शिव बारात और शोभा यात्रा निकाली गई। गाजे बाजे के साथ भोले नाथ की बारात और शोभा यात्रा रपटा घाट से निकाली गई। इसके पूर्व शिव अभिषेक, पूजन, हवन, आरती, कन्या भोज का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रृद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इसके साथ अन्य समितियों द्वारा कांवर यात्रा निकाली गई। जो नगर भ्रमण करते हुये रपटा घाट पहुंची। महाआरती समिति द्वारा निकाली गई शोभा यात्रा का रपटा घाट के रेवा दरबार में आगवानी महिलाओं द्वारा की गई। आगवानी के दौरान भक्तों का तांता लगा रहा।

निकाली गई शोभा यात्रा

महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव पार्वती का विवाह हुआ था। जिसके चलते इस दिन कई स्थानों से भक्तों द्वारा भगवान शंकर की बारात, शोभायात्रा, त्रिशुल यात्रा निकाली गई। इसके साथ भगवान शंकर की प्रतिमा की भी स्थापना की गई थी। जिसे दोपहर बाद भगवान शंकर की बारात बैंड बाजों के साथ निकाली गई।

जगह-जगह हुए धार्मिक आयोजन

प्रतिवर्षानुसार महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरे जिले में जगह-जगह धार्मिक आयोजन किया गया। जिसके अंतर्गत धार्मिक स्थलों में महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया गया। नगर के नाना घाट में शिवलिंग का निर्माण किया गया। बताया गया कि नर्मदा तट में स्थित नानाघाट में विगत 24 वर्षो से आयोजन हो रहे है। शिवरात्रि के अवसर पर सुबह से ही भोलेनाथ का रूद्राभिषेक किया गया। बैगा बैगी चौराहे में स्थित शिव मंदिर में भी शिव अभिषेक कर रामधुन आयोजन किया गया। संगीतमय रामधुन में भक्त झूमते नजर आए। दिन भर धार्मिक आयोजन चलता रहा।

राजीव कालोनी में हुआ शिव अभिषेक 

राजीव कालोनी झंडा चौक स्थित सार्वजनिक शिव मंदिर में शिवरात्रि के अवसर पर प्रात:काल शिव अभिषेक किया गया। जहां महाकाल को दूध, दही, शक्कर, शहद, बेल पत्र, धतूरा, भांग आदि से पूजन किया गया। हवन एवं आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।

शिवालयों में उमड़ी भीड़ 

शिवरात्रि के अवसर पर शहर के शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रृद्धालु पहुंचे। कारीकोन स्थित शिवालय, दादाधनीराम आश्रम स्थित ज्योर्तिलिंग, सिद्ध रेवा घाट स्थित शिवालय, रपटा घाट स्थित बारह ज्योर्तिलिंग, जेल घाट स्थित शिवालय, सहस्त्रधारा आश्रम, मंगलेश्वर मंदिर महाराजपुर, पीपल घाट स्थित नर्मदा आश्रम आदि शिव स्थानों पर श्रृद्धालु भगवान शिव का पूजन करने बड़ी संख्या में पहुंचे।

झंडा चौक में भोले का अभिषेक 

राजीव कालोनी झंडा चौक में सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति के द्वारा हर धार्मिक त्यौहारों में विविध आयोजन करती है। इसी के अंतर्गत महा शिवरात्रि के अवसर पर स्थापित शिवलिंग का पूजन, रूद्री निर्माण का आयोजन किया गया। जिसमें नव निर्मित चबूतरे में शिवलिंग का रूद्राभिषेक किया गया। अभिषेक के बाद प्रसाद वितरण किया गया। इसके बाद शाम को 07 बजे महाआरती की गई। जहां बड़ी संख्या में भक्तों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

नगर में हुए भंडारे

शिवरात्रि पर्व पर नगर के विभिन्न स्थानों में भंडारे का आयोजन किया गया। नगर के शिवालयों में भी प्रसादी बांटी गई। नगर के रपटा घाट, नेहरू स्मारक, बस स्टेंड, झंडा चौक, सिद्ध घाट, नाना घाट बैगा बैगी चौक आदि स्थानों में स्थित शिवालयों में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया।

सिद्ध टेकरी में लगा महाशिवरात्रि का मेला 

जिले के सभी शिवालयों में महाशिवरात्रि में अल सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। प्रसिद्ध मंदिरों के बाहर लंबी लंबी कतारें लगी रही। जिला मुख्यालय से करीब चार किमी दूर खैरी ग्राम में स्थित सिद्ध टेकरी में महाशिवरात्रि पर्व का मेला लगा। हजारों की संख्या में लोग पहाड़ी पर विराजमान भोलेनाथ के दर्शन के लिए सुबह से पहुंचे। सिद्ध टेकरी में विराजमान भोलेनाथ का बेलपत्र, भांग, धतुरा, दूध, शहद से अभिषेक किया गया। भक्त सिद्ध टेकरी की पहाड़ी पर ऊं नम: शिवाय बोलते चढ़ते गए। जहां पहुंच कर भक्तों ने भगवान शिव की पूजा आराधना करते हुए संकटों से मुक्ति व सुखमय जीवन की कामना की। सिद्ध टेकरी में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा।

घुघरी हुआ शिवमय

महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर विकासखंड घुघरी भी भगवान भोले की भक्ति में लीन रहा। सुबह से शाम तक शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा। दिनभर पूजन पाठ का दौर चलता रहा। महाशिवरात्रि पर्व पर घुघरी के मंदिरों, शिवालयों, घरो में भक्तों द्वारा भोले को प्रसन्न करने दूध, दही, शहद से अभिषेक किया गया। मंदिरों और शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा। क्षेत्र के युवाओं द्वारा इस अवसर पर घुघरी बस स्टेंड में महाप्रसाद वितरित किया गया।



 

Leave a Comment