रहवासी क्षेत्र स्थित कबाड़ में लगी भीषण आग
- फायर बिग्रेड को आग बुझाने करने पड़ी मशक्कत
- बिछिया पुलिस और स्थानीयजन ने आग बुझाने की मदद
मंडला महावीर न्यूज 29. नगर परिषद बिछिया के वार्ड क्रमांक 11 पठानी मोहल्ला के घनी आबादी वाले क्षेत्र में संचालित एक कबाड़ दुकान के कबाड़ में अचानक आग लग गई। भीषण आग देखते ही देखते बेकाबू हो गई। आग बुझाने मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान पुलिस प्रशासन भी मौके पर मदद के लिए पहुंच गया। बताया गया कि नगर के मध्य रहवासी क्षेत्र में घनी बस्ती होने के बाद भी ग्राम वासियों ने अनेकों बार प्रशासन को अवगत कराया कि यहां से कबाड़ की दुकान संचालित हो रही है। जिस पर प्रशासन संबंधित कबाड़ी को नोटिस भी जारी किया। बावजूद इसके कबाड़ का भंडारण मार्ग के ऊपर बढ़ता ही जा रहा था।
बताया गया कि इसी भंडारण में बुधवार की शाम करीब 4 से 5 बजे के लगभग अचानक लगी आग ने संपूर्ण नगर में दहशत में आ गया। धीरे-धीरे आग बढ़ती ही जा रही थी और आग को बुझाने का प्रयास किया जा रहा था। देखते ही देखते घटना स्थल में मजमा लग गया। नगर परिषद का दमकल और टेंकर के साथ नजदीकी रहवासियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर अभी तक काबू नहीं पाया जा सका, देर रात 9 बजे के बाद बड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया गया।
स्थानीयजनों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्र में ज्वलनशील पदार्थ, कबाड़, डीजल, पेट्रोल समेत अन्य ज्वलनशील सामान रखने पर पाबंदी होती है, लेकिन बिछिया नगर मे रहवासी क्षेत्र में संचालित कबाड़ की दुकान में किसी भी किस्म की पाबंदी नहीं होने के कारण इनके हौसले बुलंद है। जिसके परिणाम स्वरूप यह भीषण आगजनी की घटना हुई। इस आगजनी की घटना से कबाड़ के जलने से उठते धुएं के गुब्बारे दूर से दिखाई दे रहे थे। बिछिया पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। एसडीएम ने दो बार नोटिस दिए मगर मार्ग से कबाड़ नहीं हटाया गया। इस आगजनी के मामले की जांच शुरू कर दी गई है।











