प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश

प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश

  • निवास पुलिस ने किया पत्नी और प्रेमी को गिरफ्तार, दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
  • तलाक नहीं देना बनी हत्या की वजह, पूर्व में भी किया था हत्या का प्रयास

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के निवास थाना क्षेत्र में युवक की हत्या मामले में निवास पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मृतक राजाराम सिंगरौरे की पत्नी विद्या सिंगरौरे 20 वर्ष सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर निवास न्यायालय में प्रस्तुत किया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नि ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और प्रेमी शिवम चौरसिया 24 वर्ष पिता देवेंद्र चौरसिया निवासी गौर सालीवाड़ा बरेला जबलपुर ने सोमवार रात धारदार हथियार से राजाराम की हत्या कर दी। हत्या की साजिश में दो अन्य लोग भी शामिल रहे, जिसमें प्रेमी शिवम को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं। हत्या के लिए हथियार उपलब्ध कराने वाले युवक सहित एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही हैं।

पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि मृतक राजाराम की पत्नी विद्या सिंगरौरे के पूर्व से ही शिवम चौरसिया के साथ प्रेम संबंध थे। पत्नी तलाक चाहती थी और पति उसे तलाक देने से इंकार कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद था। पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। एसपी सकलेचा ने बताया कि हत्या की योजना पहले से ही थी, पूर्व में आरोपियों ने रेकी की थी, इसके साथ ही हत्या का प्रयास भी किया था। लेकिन किसी कारणवश उन्हें सफलता नहीं मिली। सोमवार रात राजाराम उन्हें अकेला मिला तो प्रेमी शिवम ने धारदार हथियार से गले में प्राण घातक वार कर निवास-बिछिया मार्ग में राजाराम सिंगरौरे की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

सायबर सेल से मिले अहम सुराग

17 फरवरी की रात निवास-बिछिया मार्ग में युवक की हत्या के बाद परिजनों ने मृतक की पत्नी पर हत्या के षडयंत्र में शामिल होने का शक जाहिर किया था। पुलिस ने पत्नी की जांच प्रारंभ की। इसमें साइबर सेल की मदद ली गई और मिले सुरागों के आधार पर आरोपी को ट्रेस कर लिया गया। जिसके बाद पुलिस ने पत्नी और प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

युवक की हत्या का यह है मामला 

निवास थाना क्षेत्र में सोमवार रात लगभग 9 बजे ग्राम घूरनेर निवासी 30 वर्षीय राजाराम सिंगरौरे का शव मिला था। स्थानीय लोगों से सूचना मिलते ही निवास थाना प्रभारी वर्षा पटेल अपनी टीम के साथ पहुंच गई और उन्होंने जांच प्रारंभ कर दी। मृतक के गले में धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए थे। जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। अब पुलिस ने हत्या की साजिश में मृतक की पत्नी विद्या सिंगरौरे और हत्यारे शिवम चौरसिया को गिरफ्तार किया है। इनसे हुई पूछताछ के आधार पर इस साजिश में दो अन्य आरोपियों के शामिल होने की जानकारी मिली है जिनकी तलाश की जा रही है।


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे



 

Leave a Comment