अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति गंभीर घायल
- नारायणगंज के कूम्हा की घटना
- गंभीर घायल जबलपुर मेडिकल रैफर
मंडला महावीर न्यूज 29. तेज रफ्तार, बेलगाम वाहनों की रफ्तार पर लगाम नहीं लग पा रहा है। तेज भागते वाहनों के कारण आए दिन नेशनल हाईवे 30 में हादसे हो रहे है। इन हादसों में असमय ही लोग काल के गाल में समा रहे है। नारायणगंज से मंडला हाईवे मार्ग में आए दिन सड़क हादसे हो रहे है। गुणवत्ताविहीन हाईवे मार्ग में लापरवाही पूर्वक वाहन चालक हादसे को न्यौता दे रहे है। गुरूवार करीब 12 बजे एक अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में लापरवाही पूर्वक पैदल जा रहे 40 वर्षीय व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग घटना स्थल पर पहुंचे। जब तक अज्ञात चौपहिया वाहन मौके से फरार हो चुका था। तत्काल डायल 100 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर डायल 100 के कर्मी घटना स्थल पहुंचे। जहां से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में उपचार के भर्ती कराया। पुलिस अज्ञात वाहन खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे की जांच कर रही है।
जानकारी अनुसार नारायणगंज मंडला नेशनल हाईवे 30 मार्ग में एक अज्ञात चौपहिया वाहन ने कूम्हा नर्मदा घाट पैदल जा रहे दिनेश तिवारी पिता लक्ष्मण तिवारी 40 वर्ष निवासी तिलगांव को जोरदार टक्कर मार दी। वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर लगते ही दिनेश तिवारी ऊपर उछल गया और चौपहिया वाहन के वोनट के ऊपर से मार्ग के दूसरी तरफ जा गिरा। वाहन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दिनेश तिवारी मार्ग के इस पार से उस पार उछल कर गिरा। हादसे में दिनेश को सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद वाहन चालक ने मौका देखते ही घटना से फरार हो गया।
बताया गया कि हादसे के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने इस घटना को देखा और तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल दिनेश की मदद के लिए डायल 100 और एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 100 घटना स्थल पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने घायल दिनेश का प्राथमिक उपचार कर सिर में लगे गंभीर चोट में टांके लगाए। वहीं घायल के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की गई। जिसके बाद परिजन सीएचसी नारायणगंज पहुंचे। जहां चिकित्सक ने बेहतर उपचार के लिए गंभीर घायल को जबलपुर मेडिकल रैफर कर दिया।