पत्नि ने कराई थी पति की हत्या, पत्नि गिरफ्तार
- युवक की हत्या के मामले में मृतक की पत्नी हत्या के षडय़ंत्र में शामिल
- निवास-बिछिया मार्ग में एनिकट के पास में हुई थी युवक की हत्या
- हत्या में शामिल अन्य आरोपी की तलाश जारी
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक राजाराम सिंगरौरे की पत्नी विध्या सिंगरोरे उम्र लगभग 20 वर्ष को गिरफ्तार किया है। आरोपी विध्या को पुलिस ने गुरुवार को निवास कोर्ट में पेश कर रिमांड में लिया है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि 17 फरवरी की रात निवास-बिछिया मार्ग के निवास नगर के एनिकट के पास में युवक की हत्या हुई थी। परिजनों ने मृतक की पत्नी पर हत्या के षडय़ंत्र में शामिल होने का शक जाहिर किया था। जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। उसने इस हत्या और षड्यंत्र में अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली है। जिन्हें उन्हें गिरफ्तार करने पुलिस की टीमें रवाना हो चुकी हैं।
एसपी सकलेचा ने बताया कि अभी महिला ने हत्या की वजह वाद-विवाद बताई है। लेकिन हत्या की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद और सोशल मीडिया में इनके बीच हुए मैसेज आदि को जांचने के बाद ही हत्या की मुख्य वजह सामने आएगी। एसपी ने बताया कि हत्या की योजना पहले से ही थी, पूर्व में आरोपियों ने रेकी की थी साथ ही हत्या का प्रयास भी किया था लेकिन किसी कारण वश उन्हें सफलता नहीं मिली। सोमवार रात राजाराम उन्हें अकेला मिला तो उन्होंने घटना को अंजाम दे दिया।
गौरतलब है कि निवास थाना क्षेत्र में सोमवार रात लगभग 9 बजे ग्राम घूरनेर का निवासी 30 वर्षीय राजाराम सिंगरौरे का शव मिला था। मृतक के गले में धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए थे। जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। जहां मंडला जेल भेज दिया गया।












