हादसे के बाद किसी ने नहीं की मदद, पूरी रात सड़क किनारे रहे घायल पिता, पुत्री

हादसे के बाद किसी ने नहीं की मदद, पूरी रात सड़क किनारे रहे घायल पिता, पुत्री

  • आग के सहारे काटी पूरी रात, सुबह चरवाहे की मदद से परिजनों ओर 108 को दी सूचना

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के निवास क्षेत्र में रविवार सोमवार की दरमियानी रात एक हादसे में पिता, पुत्री घायल हो गए। हादसे में पिता के पैर टूट गया और बेटी भी घायल हो गई। मदद के लिए बेटी ने मार्ग से गुजरने वालों से मदद मांगने जतन किया, लेकिन सूनसान क्षेत्र में घायल पिता, बेटी की मदद के लिए कोई नहीं रूका। पूरी रात दर्द के सहारे पिता, पुत्री ने रात काटी और सुबह मदद मिली। लोगों ने रात्रि में एक घायल की मदद के लिए अपनी संवेदनाएं नहीं दिखाई, यदि रात को ही किसी ने मदद के लिए अपना हाथ बढ़ा दिया होता तो पिता, पुत्री को पूरी रात सूनसान क्षेत्र में अकेले नहीं काटनी पड़ती।

जानकारी अनुसार निवास से मंडला मार्ग के बीच एक बाइक सवार पिता पुत्री घायल अवस्था में मिले। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी 108 एम्बुलेंस को दी। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस के पायलट अमित चौबे मौके पर पहुंचे और घायलों को निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उपचार के लिए लेकर पहुंचे। जहां पिता की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने मंडला जिला चिकित्सालय रैफर कर दिया। वहीं पिता के साथ हादसे का शिकार हुई बेटी का उपचार निवास अस्पताल में किया जा रहा है।

108 एम्बुलेंस के पायलट अमित चौबे ने बताया कि ग्राम भैंसवाही के घाट में कालूराम पिता डुमरा 40 वर्ष और उसकी बेटी सुमन पिता डुमरा 18 वर्ष घायल अवस्था में थे। हादसा कैसे हुए इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। वहीं घायल कालूराम की बाईक भी क्षतिग्रस्त है। दोनों घायलों को 108 एम्बुलेंस से निवास सीएचसी लाया गया। यहां कालूराम की हालत देखते हुए मंडला रेफर किया गया है। घटना की जानकारी निवास पुलिस को दी गई हैं। पुलिस मामला दर्ज कर घटना की जांच कर रही है।

मदद के लिए किसी ने नहीं बढ़ाया हाथ 

बताया गया की घटना रविवार सोमवार की देर रात्रि की हैं। सड़क हादसे के बाद दोनों घायल सड़क किनारे पड़े रहे। हादसे में कालूराम का पैर टूट गया था, वही उनकी बेटी भी घायल थी, हादसे में दोनों के मोबाइल भी गिर गए थे। अंधेरा होने के कारण मोबाईल भी नहीं मिला। कालूराम की बेटी सुमन सड़क किनारे अनेकों वाहनों को रात्रि में रोककर मदद की गुहार लगाई लेकिन सूनसान मार्ग में किसी ने वाहन नहीं रोका।

मवेशी चराने वाले ने की मदद 

कालू राम और उनकी बेटी ने आग के सहारे पूरी रात सूनसान क्षेत्र में काटी। जैसे ही सुबह हुई और लगभग साढ़े छ: बजे एक व्यक्ति मवेशी को लेकर निकला तो कालूराम की बेटी ने आवाज देकर उससे मदद मांगी और उनके फोन से अपने परिजन और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को निवास सीएचसी लाया गया। हादसे में कालूराम का पैर टूट गया हैं वही बेटी सुमन भी घायल हैं।


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे



 

Leave a Comment