शिक्षा और सांस्कृतिक विकास का महोत्सव का वार्षिक समारोह
- ब्रेन चाइल्ड एकेडमी का वार्षिकोत्सव उड़ान 2025 धूमधाम से संपन्न
- मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा हुए शामिल
मंडला महावीर न्यूज 29. ब्रेन चाइल्ड एकेडमी स्कूल में वार्षिक उत्सव उड़ान 2025 का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ किया गया। वार्षिकोत्सव कर्यक्रम विद्यार्थियों की अद्भुत प्रतिभा, सांस्कृतिक धरोहर और देशभक्ति की भावना का उत्सव था, जिसमें विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा, आईएएस का विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर के साथ भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा में सफलता के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए और अभिभावकों को सकारात्मक और सहयोगी अभिभावक बनने की सलाह दी। उनकी प्रेरणादायक बातें सभी के लिए उपयोगी और मार्गदर्शक रहीं।
मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ के साथ कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी कला और नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। देश की विविधता को समेटे अतुल्य भारत की लोक संगीतमाला में विभिन्न प्रांतों की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। वहीं भगवान गणेश वंदना ने आध्यात्मिकता का रंग बिखेरा। संगीत और नाटक का सुंदर समावेश 2024 में भारत की उपलब्धियों पर सूफियाना कव्वाली में देखने को मिला, जिसने दर्शकों को देश की प्रगति पर गर्व करने का अवसर दिया। इसी क्रम में महाकुंभ 2025 आस्था और आध्यात्म का संगम, नृत्य-नाटिका ने भारतीय परंपराओं की भव्यता को मंच पर जीवंत कर दिया।
एनसीसी कैडेट्स ने दर्शकों में देश भक्ति का भर दिया जोश
भारतीय सिनेमा के महान शोमैन राज कपूर की जन्मशती को समर्पित एक विशेष नृत्य प्रस्तुति भी हुई, जिसमें उनके योगदान को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद वाघा बॉर्डर पर बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी का शानदार मंचन हुआ, जिसमें विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने अपने अद्भुत प्रदर्शन से दर्शकों में देशभक्ति का जोश भर दिया। पौराणिक कथाओं पर आधारित लव-कुश रामायण राग और शक्ति स्वरूप नृत्य ने भारतीय संस्कृति और नारीशक्ति की महत्ता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। मस्ती और मूव्स और एवेंजर्स, विश्व के रक्षक जैसी आधुनिक प्रस्तुतियों ने युवाओं को भी भरपूर मनोरंजन प्रदान किया। वहीं, संगीतात्मक प्रस्तुति ने दर्शकों को संगीतमय वातावरण में सराबोर कर दिया।
विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव
आज के डिजिटल युग की सुरक्षा पर आधारित साइबर शील्ड नामक नाटक ने साइबर अपराधों से बचने के प्रति जागरूकता बढ़ाई। हास्य और मनोरंजन का तड़का हेरा फेरी, एक हास्य नृत्य नाटक ने लगाया, जिससे पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा। कार्यक्रम के अंत में रतन टाटा के प्रेरणादायक जीवन पर विशेष प्रस्तुति भी शामिल थी, जिसमें देश के प्रति उनके योगदान को शानदार तरीके से दर्शाया गया। उड़ान 2025 ने यह साबित कर दिया कि ब्रेन चाइल्ड एकेडमी के छात्र न केवल शिक्षा में बल्कि संस्कृति, कला और देशभक्ति में भी निपुण हैं। यह वार्षिक उत्सव विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया, जो आने वाले वर्षों तक याद किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजन में ब्रेन चाइल्ड एकेडमी के संचालक निशांत शुक्ला, प्राचार्या डॉ दिव्या शुक्ला एवं समस्त शिक्षकों बहुमूल्य योगदान रहा। मंच संचालन वरिष्ठ शिक्षिका राजुल सिहानी और सोनिया जैन ने कलात्मक शैली से किया।


















