- किसानों के अधिकारों की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ते रहेंगे-जीतू पटवारी
- बिछिया विधानसभा के ग्राम मांद से हुई कांग्रेस के किसान न्याय आंदोलन की शुरुआत
- हजारों किसान आमजन हुए शामिल
मंडला महावीर न्यूज 29. किसानों को धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपए और गेंहू का 2700 रुपए प्रति क्विंटल दिलाने को लेकर बिछिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मांद में किसान न्याय आंदोलन का आयोजन किया गया। इस आंदोलन में प्रदेश कांग्रेस के सभी बड़े नेता जिसमें मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह, जबलपुर विधायक लखन घनघोरिया, बैहर विधायक संजय उइके, डिंडोरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम, केवलारी विधायक रजनीश सिंह, वारासिवनी विधायक विक्की पटेल, परसवाड़ा विधायक मधु भगत, पूर्व विधायक संजय यादव सहित प्रदेश भर से नेतागण शामिल हुए। एक तरह से यह आयोजन बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा का शक्ति प्रदर्शन था जो उन्होंने प्रदेश कांग्रेस महासचिव बनने के बाद अपनी विधानसभा में किया।
भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव 2023 में धान और गेहूं का जो समर्थन मूल्य3100 और 2700 रुपए घोषित किया गया था इस समर्थन मूल्य के अनुसार किसानों को राशि का भुगतान नहीं किए जाने के विरोध में किसान न्याय आंदोलन शुरू किया गया है। बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा ने सभी अतिथियों का आदिवासी परंपरा अनुसार फूल वीरन माला और साफा कलगी पहनाकर स्वागत किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष एडवोकेट राकेश तिवारी ने कहा कि भाजपा ने झूठे वादे कर किसानों को गुमराह किया है समर्थन मूल्य बढ़ाने का जो वादा किया गया था उसे नहीं बढ़ाया गया। इस तरह झूठी सरकार का चेहरा सामने आया है। इसी तरह जिले की प्रभारी किरण अहिरवार ने कहा कि जीतू पटवारी खुद किसान हैं और इसीलिए वे किसानों के दर्द को भली भांति समझते हैं। निवास विधायक चैन सिंह ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी उस समय खाद 50 किलोग्राम की बोरियों मिलती थी जिसे भाजपा सरकार ने घटाते हुए 40 से 45 किलोग्राम कर दिया है जिससे किसानों को खाद की मारामारी का सामना करना पड़ रहा है।
हक की लड़ाई लड़ती रहेगी कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि आप सभी आदिवासी इस धरती के मालिक हैं जल जंगल जमीन की रक्षा के लिए आदिवासियों ने अपने प्राणों को न्योछावर किया है। कांग्रेस हमेशा आदिवासियों के हक की लड़ाई लड़ती रही है और लड़ते रहेगी। पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी सामाजिक क्रांति के महानायक हैं वे जातिगत जनगणना की बात कर रहे हैं लेकिन भाजपा सरकार जातिगत जनगणना से पीछे कदम कर रही है यदि जातिगत जनगणना होती है तो जो लोग शासन की योजना के लिए पात्र हैं उन्हें शासन की योजना का लाभ प्रमुखता से मिल सकेगा। जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा, आरएसएस आरक्षण हटाने की बात करती है उन्होंने पूछा कि आरक्षण का निर्माण क्यों किया गया क्योंकि सामाजिक, आर्थिक समानता की जरूरत है आज भी दलित किसान गरीब हैं। उन्होंने एक बार फिर भाजपा सरकार द्वारा गेहूं और धान के समर्थन मूल्य नहीं बढ़ाने को लेकर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि आज भी दलित किसान गरीब हैं धान का समर्थन मूल्य 3100 नहीं दिया गया। भाजपा ने महिलाओं को 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने की बात कही थी जिसे पूरा नहीं किया गया। इस तरह भाजपा सरकार पूरे प्रदेश वासियों के साथ लगातार अन्याय करने का काम कर रही है। अंत में विधानसभा बिछिया में भराए गए किसान अधिकार मांग पत्र सांकेतिक रूप से प्रदेश अध्यक्ष नेता प्रतिपक्ष को सौंपे गए। इन अधिकार पत्रों को आगामी दिनों में मुख्यमंत्री को सौंपकर किसानों धान व गेंहू के घोषित समर्थन मूल्य की किसानों की मांग पहुंचाई जाएगी। इस आंदोलन में कांग्रेस के समस्त मोर्चा संगठन के पदाधिकारी कार्यकत्र्ता सहित जिले भर से दस हजार से अधिक किसान और आमजन सम्मिलित हुए।
सरकार आदिवासियों का कर रही शोषण
डिंडोरी विधायक ओमकार सिंग मरकाम ने कहा कि जब भी प्रदेश के किसानों की आदिवासियों की बातों को विधानसभा में उठाया जाता है तो सीएम सभा छोड़कर चले जाते हैं वे किसानों की बातें नहीं सुनना चाहते, वर्तमान सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री फगन सिंह कुलस्ते अपने बेटे को नौकरी नहीं दिला पाए। मोदी सरकार ने हर एक नागरिक को 15 लाख रुपए देने का वादा किया था उसे आज तक पूरा नहीं किया गया। वर्तमान सरकार में मेढ बंधान के पैसा तक देना बंद कर दिया है। बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा ने कहा कि भाजपा सरकार पिछले 20 सालों से पूरे प्रदेश में किसानों आदिवासियों का शोषण कर रही है।
भाजपा सरकार अधिकारों को छीनने का कर रही काम
भाजपा ने 2023 में किसानों को धान का समर्थन मूल्य 3100 और गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपए देने की घोषणा की थी आज भाजपा सरकार को लगभग 15 माह का समय पूरा हो गया है धान खरीदी अंतिम चरण में है लेकिन आज तक किसानों को अपने ही घोषणा से बहुत कम समर्थन मूल्य में गेहूं और धान की खरीदी कर रही है। पट्टा ने कहा कि भाजपा सरकार शुरुआत से ही न केवल कांग्रेस बल्कि किसानों और आदिवासियों की आवाज को दबाने का प्रयास करती आई है और आज भी कर रही है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने कहा कि भाजपा सरकार आदिवासियों से वन क्षेत्र में होने वाली वन उपज को अच्छे दामों में खरीदने की दावे करती रही है जबकि भाजपा सरकार लगातार वन उपज की खरीदी में किए जाने वाले भुगतान को लेकर छलावा करने का काम किया है। भाजपा सरकार तेंदूपत्ता संग्राहकों को पूरी मजदूरी नहीं दे पा रही है। तेंदु पट्टा संग्राहकों को दी जाने वाली राशि से भोपाल में अधिकारी बंगलो में ऐश कर रहे हैं। अधिकारियो की गाडिय़ां इस राशि से खरीदी जा रही है। भाजपा सरकार ने आज वन समितियों के अधिकारों को छीनने का काम किया है।