कृषक मित्र, यमराज, वन भूमि, माँ नर्मदा जन्मोत्सव, टीबी जागरूकता, भाजपा अध्यक्ष कार्यक्रम समेत प्रमुख खबरें

कृषक मित्र, यमराज, वन भूमि, माँ नर्मदा जन्मोत्सव, टीबी जागरूकता, भाजपा अध्यक्ष कार्यक्रम समेत प्रमुख खबरें


कृषक मित्र बनकर गांव में शुरू किया मृदा जांच केन्द्र

  • किसान गांव में ही करा सकेंगे अपनी खेत की मिट्टी की जांच
  • मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला इकाई संचालित करने मिला 75 प्रतिशत का अनुदान
  • महिला समूह के माध्यम से ग्रामीण स्तरीय मृदा परीक्षण योजना का लाभ

मंडला महावीर न्यूज 29. किसान के खेत की मिट्टी में पौधो की समुचित वृद्धि एवं विकास के लिए उसमें मौजूद आवश्यक पोषक तत्वों की उपलब्ध मात्रा का रासायनिक परीक्षणों द्वारा आंकलन करके खेत की मिट्टी में लवणीयता, क्षारीयता एवं उसकी अम्लीयता की जांच मृदा परीक्षण द्वारा की जाती है। जिससे किसानों द्वारा लगाई जाने वाली फसलों से अच्छा उत्पादन हो सके। ग्रामीण स्तरीय मृदा परीक्षण योजना के तहत किसानों को मिट्टी के नमूने का परीक्षण कराकर मृदा स्वास्थ्य कार्ड दिया जाता है। इस कार्ड में मिट्टी के नमूने के विश्लेषण के नतीजे अंकित होते हैं। इन नतीजों के आधार पर किसानों को उर्वरक का इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है। जिससे किसान अपने खेत में अच्छी फसल तैयार कर अच्छा उत्पादन कर सकते है। इस योजना के तहत ग्रामीण युवाओं और स्वयं सहायता समूहों को मृदा परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता दी जाती है। इन प्रयोगशालाओं का संचालन स्थानीय युवाओं द्वारा किया जाता है।

जानकारी अनुसार अपने खेत की मिट्टी की जांच कराने के लिए अभी तक किसानों को ब्लाक व जिला स्तर पर स्थापित मृदा परीक्षण प्रयोगशाला जाना पड़ता था। इन प्रयोगशाला की दूरी अधिक होने के कारण क्षेत्रीय किसानों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता था। किसानों की इसी परेशानी को खत्म करने और मृदा परीक्षण को प्रोत्साहन करने के उद्देश्य से सरकार द्वारा ग्रामीण स्तरीय मृदा परीक्षण योजना के तहत अब गांव में ही मिट्टी परीक्षण के लिए प्रयोगशाला स्थापित करने की योजना शुरु की गई है।

बताया गया कि आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के विकासखंड नारायणगंज बबलिया सेक्टर के ग्राम मुकासखुर्द में मृदा जांच केन्द्र की शुरूआत की गई है। इस योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सिंजेटा फांउडेशन द्वारा तकनीकी मदद और आजीविका मिशन द्वारा संस्थागत मदद दी जा रही है। गांव में ही मिट्टी के परीक्षण की प्रयोगशाला शुरु करने के लिए सरकार द्वारा युवाओं को करीब 75 प्रतिशत का अनुदान भी दिया गया है। इस प्रयोगशाला को स्थापित करने में करीब पांच लाख रूपए की लागत आई है। नारायणगंज के बबलिया क्षेत्र के ग्राम मुकासखुर्द में चंद्रकांता महिला आजीविका स्वसहायता समूह द्वारा गांव में ही मिट्टी परीक्षण केन्द्र की शुरूआत की है। मृदा जांच केन्द्र शुरू होने से बबलिया क्षेत्र के करीब 6 हजार किसानों को इसका लाभ मिल सकेगा। अब इस क्षेत्र के किसानों को अपने खेत की मिट्टी जांच कराने के लिए अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

किसानों ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा मृदा कार्ड बनाने की कवायद वर्तमान में की जा रही है। लेकिन किसानों को खेत से मिट्टी के नमूने लेकर ब्लाक व जिला स्तर पर उसकी जांच कराने के लिए वर्तमान में कई किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। बताया गया कि कृषि विभाग द्वारा मंडला जिला के ब्लाकों में भी मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला बनाई गई है, जिससे किसानों को अपने खेत की मिट्टी का परीक्षण कराने के लिए असुविधा ना हो, लेकिन मृदा प्रयोगशाला की दूरी अधिक होने के कारण क्षेत्र के कई किसान प्रयोगशाला तक नहीं पहुंच पाते है। इन सब समस्याओं को देखते हुए ग्राम मुकासखुर्द के लखन लाल धुर्वे ने चंद्रकांता महिला आजीविका स्वसहायता समूह के माध्यम से योजना का लाभ लेते हुए ग्राम में ही मृदा जांच केन्द्र की शुरूआत की है। जिससे क्षेत्र के किसानों को इसका लाभ मिल सके।

मृदा जांच केन्द्र खोलने मिला अनुदान 

नारायणगंज बबलिया के ग्राम मुकासखुर्द में हितग्राही लखन लाल धुर्वे ने पांच समूह सदस्य की मदद से ग्राम में ही मृदा जांच केन्द्र खोलने का मन बनाया। जिसके लिए लखन ने सिंजेटा फाउंडेशन के प्रोजेक्ट इंचार्ज शिवम कुमार से मुलाकात की। जिसके बाद शिवम ने इन्हें सरकार द्वारा चलाई जा रही योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दूरदराज के ग्रामीण अंचल के किसानों के खेतों की मृदा जांच को सुलभ बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत गांव-गांव में मिट्टी परीक्षण केन्द्र खोलने के लिए अनुदान दिया जा रहा है। इस योजना के लिए उद्यमी, स्वसहायता समूह समेत अन्य युवा वर्ग भी सरकार द्वारा चलाई जा रही इस योजना का लाभ लेते हुए ग्राम में मृदा जांच केन्द्र खोल सकते है। जिससे बेरोजगार युवाओं को आर्थिक मदद के साथ क्षेत्र के किसानों को भी इसका लाभ मिल सकेगा। मृदा जांच केन्द्र शुरू करने के लिए सरकार द्वारा समूह को 75 प्रतिशत तक अनुदान दे रही है। जिसका फायदा ग्राम मुकासखुर्द की चंद्रकांता महिला आजीविका स्वसहायता समूह द्वारा लिया गया और गांव में ही मृदा जांच केन्द्र पांच लाख रूपए की लागत से शुरू कर दिया। इस मृदा जांच केन्द्र में किसानों के खेत की मिट्टी की जांच की शुरूआत इस खरीफ सीजन से की जाएगी।

मृदा जांच केन्द्र में ये उपलब्ध 

बताया गया कि गांव में मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला के लिए मशीनरी में मिनी लैब एवं एसेसरीज, कम्प्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर हैंड हेल्ड डिवाइस समेत मुद्रक, स्कैनर, गरम हवा का ओवन, मिट्टी हिलाने वाला यंत्र, मिट्टी का संकेत, पीएच मीटर, रसायन, तोलन यंत्र सामग्री उपलब्ध हुई है। जिसकी कीमत करीब पांच लाख रूपए है। इस मृदा केन्द्र को खोलने के लिए हितग्राही को 75 प्रतिशत अनुदान मिला है। स्टार्टअप को शुरू करने के लिए हितग्राही लखन लाल और उनके सदस्यों का अंशदान 01 लाख 25 हजार रूपए और सरकार द्वारा दिया गया अनुदान 03 लाख 75 हजार रूपए का है।

इनका कहना है

ग्रामीण स्तरीय मृदा परीक्षण केन्द्र शुरू करने का उद्देश्य यही है कि ग्राम स्तर में मृदा की जांच कराने में किसानों को समस्या आ रही थी,जिसके कारण किसानों को उनकी खेत की मिट्टी के विषय में सही जानकारी नहीं मिल पा रही थी। यह मृदा जांच केन्द्र खुलने से यहां के किसान अब अपने खेत की मृदा का परीक्षण करा सकेंगे।
शिवम कुमार
प्रोजेक्ट इंचार्ज, सिंजेटा फाउंडेशन


 


यातायात नियमों का पालन कराने पहुंचे यमराज

  • जिले के लिंगापौंडी ग्राम में परवाह अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला में अचानक यमराज के दर्शन हो गए। जिन्हें देखकर लोग अश्चयचकित तो थे, कि ये कौन है, कहां से आए गए। हूबहू यमराज के भेष में एक व्यक्ति जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर लिंगापौंडी ग्राम में लगे साप्ताहिक बाजार में अचानक सड़क पर दोपहिया वाहन चालकों को रोक रहे थे। यहां वाहन चालकों को यमराज कुछ समझा रहे थे और वाहन चालक कान पकड़ कर अपनी गलती मान रहे थे, जिसके बाद यमराज उन्हें आगे जाने दिए। ये यमराज कोई और नहीं मंडला यातायात पुलिस बल का एक जवान ही था, जो यमराज की भूमिका में लोगों को यातायात नियमों की समझाईश दे रहे थे।

जानकारी अनुसार नेहरू युवा केंद्र मंडला एवं जिला पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के कुशलता मार्गदर्शन, यातायात थाना प्रभारी ललित धुर्वे, नेहरू युवा केन्द्र मंडला कार्यक्रम पर्यवेक्षक सीआर जंघेला के नेतृत्व में स्वयं सेवकों एवं शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्टता विद्यालय मंडला प्राचार्य एवं शिक्षक प्रवीण अग्रवाल के सहयोग से मंडला सड़क सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ किया गया।

परवाह अभियान के तहत छात्र, छात्राओं द्वारा सड़क सुरक्षा जन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए यातायात के नियमों का पालन करने के नारे लगाते हुए छात्रों और स्वयं सेवकों ने लोगों को जागरूक किया। इस दौरान यातायात के एसआई देवेंद्र पडवार ने ट्रैफिक नियमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह निरंतर जारी रहेगा। जिसमें वाहन चालकों को हेलमेट लगाने, यातायात के नियमों का पालन करने और स्वयं को और अपने परिवार को सुरक्षित रखने कि अपील करते हुए सभी को संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम के माध्यम से बताने का प्रयास किया गया कि यातायात के नियमों का हमें पालन करना चािहए। यातायात नियमों के नियमों का पालन करने के संदेश को अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करें जिससे लोगों की जान सुरक्षित रहे। इस दौरान यातायात थाना का स्टाफ, नेहरू युवा केन्द्र मंडला का स्टाफ एवं युवा मंडल महिला मंडल के सदस्यों की भागीदारी रही।

साप्ताहिक बाजार में यातायात नियमों की दी जानकारी

ग्राम लिंगापौंडी के लगने वाली साप्ताहिक बाजार में यमराज की नाटकीय भूमिका द्वारा बिना हेलमेट पहने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करने का प्रयास किया गया। यहां वाहन चालकों को वाहन को तेज गति लापरवाही पूर्वक नही चलाने की समझाईस देते हुए संदेश दिया गया कि हेलमेट आपको पुलिस से ही नहीं यमराज से भी बचाता है। आपका जीवन आपके परिवार के लिए बहुमूल्य है। आप पुष्प माला के स्थान पर हेलमेट पहने ज्यादा अच्छे लगेगे। दुर्घटना से देर भली जैसे जागरूकता संदेश दिए गए। जन आधारित प्रभावशील स्लोगन के माध्यम से जागरूक कर लोगो को मोटर सायकल हेलमेट पहन कर एवं चार पहिया वाहन में सील बेल्ट लगाकर वाहन चलाने की समझाईस दी गई।

नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक 

यातायात थाना प्रभारी ललित धुर्वे ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह परवाह अभियान के स्थानीय शासकीय हाई स्कूल लिंगापौडीं में स्कूल स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने जागरूक किया गया। इसके साथ ही सडक पर बिना हेलमेट मोटरसाइकिल और बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाने वाले वाहन चालकों को यमराज के द्वारा यातायात नियमों का पालन करने समझाईस देते हुए जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए।


 


बैगा को वन भूमि से बेदखल कर वृक्षारोपण की तैयारी

  • वन अधिकार समिति का हुआ गठन
  • अब दस्तावेज पूर्ण कर देंगे वन अधिकार के दावें

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड मवई के जमगांव दादर मेंढ़ा में आदिवासी बैगा परिवारों को वन भूमि की कब्जे वाली भूमि से बेदखल किया जा रहा है। विगत बीस वर्षों से वन भूमि पर खेती कर रहे बैगा परिवारों को बेदखल कर उक्त भूमि पर वन विभाग द्वारा गड्ढे कराकर पौधरोपण की तैयारी कर रहा है। गांव के मानसिंह निमोनिया, बैसाखु मुर्खिया, नंद कुमार धुर्वे, बुधराम मरावी, वन अधिकार समिति अध्यक्ष राम रतन मरावी, सुभरन बाई, संगीता विश्वकर्मा आदि ने कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए न्याय दिलाने की गुहार की है।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2001 में उक्त भूमि को लेकर 44 बैगा आदिवासी के ऊपर जमीन अतिक्रमण का मामला भी बनाया गया था। वर्ष 2006 में बने वन अधिकार कानून में स्पष्ट प्रावधान है कि 13 दिसंबर 2005 के पूर्व वन भूमि काबिज आदिवासियों को वन भूमि का अधिकार पत्र मिलेगा, जो उक्त भूमि पर खेती कर अपनी आजीविका चला रहे हैं। इन बैगा परिवारों के पास भी इस जमीन के अलावा अन्य कोई कृषि भूमि नहीं है।

समाजिक कार्यकर्ता चरन सिंह परते ने बताया कि वन भूमि पर खेती कर रहे बैगा परिवारों ने वन अधिकार का अपना व्यक्तिगत दावा प्रपत्र पंचायत में प्रस्तुत किया था। इस लंबित दावों का आज तक निराकरण नहीं हुआ है। जबकि वन अधिकार कानून 2006 की कंडिका- 4 (5) में स्पष्ट प्रावधान है कि जैसा अन्यथा उपबंधित है उसके सिवाय, किसी वन में निवास करने करने वाली अनुसूचित जनजाति या अन्य परंपरागत वन निवासियों का कोई सदस्य उसके अधिभोगाधीन वन भूमि से तब तक बेदखल नहीं किया जाएगा या हटाया नहीं जाएगा जब तक कि मान्यता और सत्यापन प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती है। विगत एक माह से जबरन वन विभाग एवं कुछ गांव के लोगों के सहयोग से बैगा परिवार की जमीन पर पौधरोपण के लिए गड्ढा किया जा रहा है। जबकि उक्त भूमि पर बड़े डोली, बांधा खेत और प्रधानमंत्री आवास तक बने हैं।

वन अधिकार कानून की जानकारी नहीं

बताया गया कि विकासखंड मवई के जमगांव दादर मेंढ़ा में आदिवासी बैगा परिवारों और ग्राम पंचायत को भी वन अधिकार कानून की जानकारी नहीं है। जिसके कारण वन भूमि में खेती कर रहे बैगा परिवार का दावा आज तक ग्राम से आगे नहीं पहुंच पाया है। जबकि वन अधिकार कानून के तहत वन अधिकार के लिए किये गए दावे में वन अधिकार समित के अध्यक्ष और सचिव द्वारा ग्राम सभा में सभी संबंधित अधिकारी, कर्मचारी की उपस्थिति में प्रस्ताव पारित किया जाता है। जिसके बाद वन अधिकार के लिए किया गया दावा ग्राम स्तर से तहसील स्तर पर और उसके बाद जिला स्तर पर पहुंचकर उस दावा को अनुमोदित किया जाता है। जिसके बाद वन भूमि में काबिज हितग्राही को वन अधिकार का पट्टा दिया जाता है, लेकिन ग्राम में विगत कई वर्षो से वन अधिकार कानून की किसी को कोई जानकारी नहीं है। ना ही यहां वन अधिकार समिति का गठन किया गया था। जानकारी के अभाव में अब ये बैगा परिवार परेशान हो रहे है। इनकी वन भूमि पर वन विभाग पौधारोपण करने की तैयार कर रहा है।

विगत दिवस बनाई गई वन अधिकार समिति 

बताया गया कि वन भूमि में काबिज बैगा आदिवासी परिवारों को न्याय दिलाने विगत दिवस 13 जनवरी को वन अधिकार समिति का गठन किया गया है। जिसमें अध्यक्ष और सचिव बनाए गए है। इस समिति के गठन के बाद वन अधिकार के लिए ग्राम सभा आयोजित की गई। वन भूमि में काबिज बैगा आदिवासी परिवार अब अपने दस्तावेज पूर्ण करके अपने वन अधिकार के दावें वन अधिकार समिति को देगी।



धूमधाम से मनाया जाएगा 29 वां माँ नर्मदा जन्मोत्सव पर्व

  • किन्नर चांदनी दीदी देंगी भजन संध्या की प्रस्तुति
  • नर्मदा जयंती पर होंगे विविध आयोजन

मंडला महावीर न्यूज 29. नर्मदा जयंती भारत में हिन्दुओं द्वारा मनाया जाने वाला एक त्यौहार है। यह अमरकंटक में बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है, क्योंकि यह माँ नर्मदा का जन्म स्थान है। इसके अलावा यह पूरे मप्र में बड़े ही हर्ष उल्लास के साथ मनाया जाता है। हिन्दू कैलेंडर के हिसाब से माघ माह की शुक्ल पक्ष की सप्तमी को माँ नर्मदा का जन्म हुआ था, इसलिए यह हर साल इस दिन माँ नर्मदा का जन्मोत्सव मनाया जाता है। भारत में सात धार्मिक नदियाँ हैं उन्हीं में से एक है माँ नर्मदा है। हिन्दू धर्म में इसका बहुत मह्त्व है। कहा जाता है कि भगवान शिव ने देवताओं को उनके पाप धोने के लिए माँ नर्मदा को उत्पन्न किया था और इसलिए इसके पवित्र जल में स्नान करने से सारे पाप धुल जाते है। नर्मदा महोत्सव को हिंदुओं द्वारा पर्व के रुप में मनाया जाता है। इस वर्ष नर्मदा जयंती 04 फरवरी को मनाई जाएगी।

मां नर्मदा अंचल के दक्षिण तट में ह्रदयशाह राजा की पावन नगरी ह्रदयनगर के ह्रदयस्थल पर स्थित ऊँ श्रीं माँ रूकमणि देवी सदाव्रत आश्रम सिद्धपीठ दरबार माँ नर्मदा मंदिर में 29 वां माँ नर्मदा जन्मोत्सव महापर्व आचार्य संतोष महाराज व पंडित विजय उपाध्याय के सानिध्य में सार्वजनिक रूप से मनाया जाएगा। जन्मोत्सव पर्व में चार दिवसीय विविध धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। इस आयोजन में पंडित मनीष उपाध्याय द्वारा एक कुण्डीय महायज्ञ, रामनाम आहूति माँ नर्मदा जी अभिषेक समूहिक प्रार्थना, मात्तपितृ, गुरु अभिषेक पूजन हवन वैदिक विधान धर्म शास्त्रानुसार आचार्य संतोष महाराज एवं मंहत सच्चिदानंद जी महाराज की उपास्थित में किया जाएगा।

चार दिन होंगे धार्मिक आयोजन 

जन्मोत्सव के अवसर पर दरबार में जप यज्ञ, रामधुन संर्कीतन, माँ नर्मदा अभिषेक, रामधुन समापन, कन्या भोज, मुण्डन संस्कार समेत विविध धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आचार्य संतोष महाराज ने बताया कि 29 वां माँ नर्मदा जन्मोत्सव महापर्व का चार दिवसीय 01 से 04 फरवरी तक नर्मदा जयंती के अवसर विविध धार्मिक आयोजन किये जाएंगे। जिसमें 01 फरवरी को जप यज्ञ, 02 फरवरी को अंखड रामधुन और कीर्तन शाम 8 बजे से अगले दिन तक। 3 व 4 फरवरी को अखंड रामधुन का समापन, पूर्णाहूति, कथा पूजन पाठ, संध्या आरती वंदना, माँ नर्मदा जी का अभिषेक, पूजन, हवन, कन्या भोज, मातृ पितृ, गुरू अभिषेक पूजन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे से बच्चों के मुंडन संस्कार का कार्यक्रम अयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया है। 04 फरवरी को दोपहर 02 बजे से रात्रि 9 बजे तक विशाल भंडारा का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही शाम 4.30 बजे से रात्रि 9.30 बजे तक किन्नर चांदनी दीदी द्वारा भजन संध्या की प्रस्तुति दी जाएगी।

होंगे मुण्डन संस्कार 

बताया गया कि विगत वर्षो में ऊँ श्रीं माँ नर्मदा सिद्धपीठ दरबार में सैकड़ों नि:संतान दंपतियों की मनोकामना पूर्ण हुई है। इस वर्ष नर्मदा जयंती के अवसर पर मुण्डन संस्कार किया जाएगा। आचार्य संतोष महाराज जी ने सभी भक्तों, श्रृद्धालुओं से नर्मदा जन्मोत्सव कार्यक्रम में उपस्थित होकर इन नवरत्नों को शुभाशीष देकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।




रैली निकाल कर किया टीबी रोग के प्रति जागरूक

  • नारायणगंज कूम्भेश्वर घाट के मेले में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान के अंतर्गत विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर नारायणगंज के कूम्भेश्वर घाट में सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में लैब टेक्नीशियन कैलाश सोनी और स्टाफ द्वारा टीबी मुक्त जिला बनाने रैली निकाल कर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जागरूकता कार्यक्रम के तहत मेले में आए लोगों को टीबी रोग के लक्षण और उपचार की जानकारी दी। जागरूकता कार्यक्रम में मेले में आए लोगों को टीबी की बीमारी खत्म करने के लिए टीबी की शपथ दिलाते हुए संकल्प दिलाया। इसके साथ ही उन्हें टीबी बीमारी के प्रति जागरूक करते हुए टीबी के लक्षण वाले लोगों को सलाह देने की बात कही। आमजनों से कहा कि संभावित लक्षण वाले व्यक्तियों को नजदीकी अस्पताल में जाकर अपनी जांच कराने की समझाईश दे। सभी सरकारी अस्पतालों में टीबी की सभी जांचे बिल्कुल फ्री की जाती है।

लैब टेक्नीशियन कैलाश सोनी ने बताया कि 100 दिन चलने वाले अभियान में सभी उच्च जोखिम में आने वाले लोगों की जांच की जा रही है। सभी ग्रामों में डोर टू डोर टीबी का सर्वे कार्य किया जा रहा है और उच्च जोखिम में आने वाले लोग जैसे शुगर के मरीज, 60 साल से ऊपर की उम्र के लोग, पुराने टीबी के मरीज, टीबी के मरीजों के घर के सदस्य, कुपोषित लोग, धूम्रपान, एल्कोहल लेने वाले लोग उच्च जोखिम माने जाते है, ऐसे लोगों की जांच की जा रही है।



नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष का कार्यालय में स्वागत

  • प्रफुल्ल मिश्रा बने भाजपा जिलाध्यक्ष

मंडला महावीर न्यूज 29. भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा का भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय मंडला में नगर भाजपा एवं जिलेभर के मंडलों से आये कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस अवसर पर मंडला सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते, केबिनेट मंत्री संपतिया उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष बालकिशन खंडेलवाल, प्रमोद सिंघई, रतनसिंह ठाकुर, रोचीराम गुरवानी सहित भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।

प्रफुल्ल मिश्रा के कार्यालय आगमन पर कार्यकर्ताओं ने ढोल बाजे तथा आतिशबाजी एवं पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया तथा मिठाईयां बांटी गई। प्रफुल्ल मिश्रा ने कहा कि प्रदेश संगठन के मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी के निरंतर विकास के लिए पूरी लगन और निष्ठा के साथ कार्य करने का प्रयास करूंगा। भारतीय जनता पार्टी के पिछले कार्यकाल में किए गए कार्यों को और अधिक गति के साथ आगे बढ़ाने का कार्य हम सब मिलकर करेंगे।



छात्र, छात्राओं ने कराई अपनी आंखो की नि:शुल्क जांच

  • चिन्हित बच्चों को दिया जाएगा नि:शुल्क चश्में
  • सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में मिशन नेत्र ज्योति के तहत जांच शिविर आयोजित

मंडला महावीर न्यूज 29. मिशन नेत्र ज्योति अभियान के अंतर्गत 6 से 18 साल के स्कूली बच्चों और 45 से अधिक आयु वर्ग के लोगों की आंखों की जांच कर इलाज किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। बताया गया कि आयोजित नेत्र जांच शिविर में प्राथमिक शाला से हायर सेकेंड्ररी विद्यालय के बच्चों की आंखों की जांच की गई। सीएचसी नारायणगंज में पदस्थ नेत्र चिकित्सा सहायक जय करण चौधरी द्वारा छात्र, छात्राओं के आंखों की जांच की गई।

आयोजित नेत्र जांच शिविर में नारायणगंज स्थित विद्यालय के 40 से अधिक छात्र-छात्राओं के आंखों की जांच की गई और देखभाल के सुझाव दिए गए। नेत्र जांच शिविर में छात्रों की आखों में देखने की क्षमता की जांच के दौरान जिस छात्र में जो दृष्टि दोष पाया गया उनको उस हिसाब से चश्मे का सुझाव देते हुए उनके लिए लेंस के नंबर की जानकारी दी गई। बताया गया कि नेत्र जांच शिविर में जिन छात्र, छात्राओं के आंखों की जांच के बाद चश्में के नंबर दिए गए है, उन बच्चों को शासन द्वारा नि:शुल्क चश्मा दिया जाएगा।



12वीं पास ड्रॉप आउट विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए करेंगे प्रोत्साहित

  • स्वप्न करो साकार, चलो कॉलेज के द्वार थीम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मंडला महावीर न्यूज 29. स्वप्न करो साकार, चलो कॉलेज के द्वार थीम के तहत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला में उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को कॉलेज विजिट कराई जा रही है। विगत दो दिवसों में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 02 एवं रानी अवंती बाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंडला के विद्यार्थियों ने रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला के परिसर का भ्रमण किया।

महाविद्यालय भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को आधुनिकतम सुविधाओं से सुसज्जित प्रयोशालाओं, पुस्तकालय, युवा संसाधन केंद्र, भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ ऑडिटोरियम एवं विभिन्न विभागों का भ्रमण कराया जा रहा है। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को कॉलेज में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं की जानकारी के साथ साथ महाविद्यालय में उपलब्ध पाठ्यक्रम एवं महाविद्यालय में प्रवेश के लिए ऑनलाईन प्रक्रिया की भी जानकारी प्रदान की जा रही है, भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों से करियर निर्माण के लिए भी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।

कॉलेज चलो अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय के प्राध्यापकों द्वारा उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में उपस्थित होकर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को संपूर्ण जानकारी प्रदान की जा रही है। कॉलेज चलो अभियान का प्रथम चरण 31 जनवरी तक चलाया जा रहा है। कॉलेज चलो अभियान के द्वितीय चरण में बारहवीं पास ड्रॉप आउट विद्यार्थियों से संपर्क कर प्रवेश के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। संपूर्ण कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी समस्त उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्यों का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है।

कॉलेज चलों अभियान कार्यक्रम डॉ अनिल गुप्ता प्राचार्य एवं डॉ भुनेश्वर टेंभरे प्राध्यापक के संयोजन में चलाया जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ टीपी मिश्रा, डॉ एसके श्रीवास्तव, डॉ विनिया बेनेट, डॉ जुडि़का कुजूर, डॉ सीमा धुर्वे, डॉ अनीता झरिया,डॉ एसआर बघेल, डॉ अंकिता बिसेन, डॉ भंवरे, डॉ नसीम बानो के साथ समस्त प्राध्यापकों एवं अतिथि विद्वानों का सहयोग रहा।



प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अंजनिया में मिलेगी पुस्तकालय की सुविधा

  • पीएचई मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने अंजनिया में सामुदायिक पुस्तकालय भवन का लोकार्पण किया


मंडला महावीर न्यूज 29. प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि मंडला जिले के ग्राम पंचायत अंजनिया, तहसील बिछिया में पुस्तकालय खुलने से प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करने वालों को बेहतर पुस्तकालय की सुविधा मिलेगी। प्रतियोगी पुस्तकालय में अध्ययन कर आईएएस, आईपीएस, एमपीपीएससी सहित विभिन्न परीक्षाओं की तैयारियाँ सुगमता से कर सकेंगे। अंजनिया क्षेत्र के प्रतियोगियों को पुस्तकालय के माध्यम से प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारियाँ करने का सुनहरा अवसर मिला है। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके गुरूवार को अंजनिया में सामुदायिक भवन पुस्तकालय के लोकार्पण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी।

इस अवसर पर विधायक श्री नारायण सिंह पट्टा, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, एसडीएम बिछिया सुश्री सोनाली देव सहित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि तथा ग्रामीणजन मौजूद थे। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने इस दौरान माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कार्यक्रम में सामान्य बुद्धि एवं तर्क शक्ति परीक्षण पुस्तक का भी विमोचन किया।

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि अंजनिया में सामुदायिक पुस्तकालय भवन खुलने से अंजनिया क्षेत्र के प्रतियोगियों को विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। सभी प्रतियोगी इस पुस्तकालय में आकर सभी प्रकार की परीक्षाओं की तैयारियाँ कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में प्रतियोगिता परीक्षा की पुस्तकें, विषयवस्तु आधारित पुस्तकें और धार्मिक पुस्तकें रखी जाएंगी। उक्त पुस्तकालय में आकर कोई भी नागरिक अध्ययन कर सकेगा। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि ग्राम पंचायत और ग्रामीण समितियों की मांग के आधार पर ग्राम पंचायत अंजनिया को नगर पंचायत बनाया जा सकेगा।

उन्होंने नगर पंचायत बनाने के लिए विधिवत रूप से प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के नागरिकों और छात्र-छात्राओं की मांग पर अंजनिया में महाविद्यालय प्रारंभ किया गया है। जिससे इस क्षेत्र की छात्र-छात्राएं भी अंजनिया में ही उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि अंजनिया में इसी प्रकार से छात्र-छात्राओं के लिए सीएम राईज स्कूल प्रारंभ किया गया है। जिससे इस क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्वक शिक्षा मिल सके। सीएम राईज स्कूल में छात्र-छात्राओं को लाने ले जाने के लिए वाहन सुविधा और बेहतर शिक्षक होंगे जो छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्वक शिक्षा देंगे।



पार्षदो की नही सुनते अधिकारी कर्मचारी

  • नैनपुर की जनता की समस्या का नहीं हो रहा समाधान

मंडला महावीर न्यूज 29. नगरपालिका परिषद नैनपुर में कर्मचारी राज इस कदर हावी है कि आम जनता की कोई सुनवाई नही हो रही है। छोटी समस्याओं के निराकरण के लिए साहब नहीं है का जबाब हर कमरे से निकल कर आती है। सूत्रो ने बताया कि सीएमओ साहब पिछले कुछ दिनों से नगरपालिका नही आ रहें है, काम का दबाव उनके उपर जमकर है। बिछिया नगर परिषद और नगरपालिका नैनपुर का जिम्मा इन्हे संभालाना मंहगा पड़ रहा है, जिसे कारण नैनपुर की जनता की समस्या की सुनवाई नही हो पा रही है। वहीं यहां के पार्षदों की भी यहां के अधिकारी, कर्मचारी नहीं सुन रहे है।

बताया गया कि हाल ही में एक मामला वार्ड नबंर 14 का सामने आया। जहां आरक्षित वार्डों में पेयजल की सुबह 5 बजे पेयजल सप्लाई को लेकर वार्डवासियों ने आवेदन विगत दिवस 5 दिसंबर को दिया था, जो नगरपालिका कार्यालय में चक्कर काटकर थक गया। वही वार्ड की महिला पार्षद लक्ष्मी परते ने भी जनता की समस्या को लेकर पत्र लिखा, लेकिन आज दिनांक तक कोई उचित कार्यावाही नही हुई। वर्षो से सामान्य वार्डों में सुबह 8 बजे के बाद नल आता लेकिन आरक्षित वार्डो में सुबह ठंड में महिला बुजुर्गों को परेशान होना पड़ रहा है। आवेदन निवेदन पर भी नगरपालिका में जमें अंगद के पैर की तरह कर्मचारियों पर कोई असर होता नही दिख रहा है।


सरस्वती शिशु मंदिर में शिशु नगरी कार्यक्रम सम्पन्न

मंडला महावीर न्यूज 29. सरस्वती शिशु मंदिर में शिशु नगरी के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष कृष्णा पंचवानी ने किया तथा मुख्य अतिथि पशु चिकित्सक निवेदिता कुशराम व श्रवण बालक कल्याण समिति व्यवस्थापक दिलीप लारेश्वर, प्रभारी प्राचार्य बालकृष्ण द्विवेदी, प्रभारी प्रधानाचार्य शशि गोयल सहित अभिभावक उपस्थित रहे। भैया, बहनों व आचार्य परिवार की उपस्थिति में शिशु नगरी कार्यक्रम सम्पन्न कराया गया। मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष द्वारा कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए भैया बहनों को पुरस्कार वितरित कर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में भैया, बहनों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, रूप साज सज्जा, गीत, भाषण, भजन, कुर्सी दौड़, जलेबी दौड़, मेंढक दौड़ और माताओ के द्वारा जलेबी दौड़, कुर्सी दौड़ इत्यादि कार्यक्रम में अधिक संख्या में सहभागिता दर्ज कराई गई। प्रथम द्वितीय तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त आचार्य परिवार का सहयोग सराहनीय रहा। राम प्रजापति के द्वारा मंच संचालन किया गया। प्रधानाचार्य शशि गोयल के द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के अंत में सर्व कल्याण मंत्र से कार्यक्रम का समापन हुआ।


बलात्कार के आरोपी को 20 वर्ष का सश्रम कारावास एक हजार रूपए के अर्थदण्ड से भी किया दण्डित

मंडला महावीर न्यूज 29.  चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश श्रृंखला न्यायालय नैनपुर विवेकानंद त्रिवेदी द्वारा अभियुक्त बालकिशन तेकाम 20 वर्ष निवासी ग्राम ईश्वरपुरा थाना घंसौर जिला सिवनी को दोषी पाते हुए पॉक्सो के अपराध में 20 वर्ष का कठोर कारावास एवं एक हजार रूपए के अर्थदंड से दंडित किया गया है।
अभियोजन अधिकारी विजय अहिरवार ने बताया कि आरोपी द्वारा शादी का झांसा देकर नाबालिग पीडि़ता के साथ बार-बार बलात्कार किया गया था। जिसकी रिपोर्ट थाना नैनपुर में की गई थी। प्रकरण की विवेचना नैनपुर थाना में पदस्थ महिला उपनिरीक्षक सुश्री निधि नेमा द्वारा पीडि़ता से पूछताछ कर बयान लिये गये और विवेचना की गई थी। प्रकरण के विचारण के दौरान आरोपी फरार हो गया था इसलिए थाना नैनपुर में आरोपी के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया था और माननीय न्यायालय द्वारा भी आरोपी के विरूद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।

संपूर्ण विवेचना के बाद अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया विचारण के दौरान अभियोजन द्वारा साक्ष्य में प्रस्तुत किए गए साक्षियो की साक्ष्य के मूल्यांकन एवं तर्कों से सहमत होते हुए आरोपी बालकिशन तेकाम को सजा हुई है। प्रकरण में शासन की ओर से अभियोजन संचालन सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी विजय अहिरवार द्वारा की गई।


सत्ता के लिए भाजपा ने किसानों से किया धोखा-किसानों के न्याय की लड़ाई लड़ रही है कांग्रेस 

  • बिछिया विधानसभा के ग्राम मांद में 22 को आयोजित होगा किसान न्याय आंदोलन 
मंडला महावीर न्यूज 29.  किसानों को धान का समर्थन मूल्य 3100 रूपए और गेंहू का समर्थन मूल्य 2700 रूपए देने की भाजपा की घोषणा सरकार बनने के 13 महीने बाद भी पूरी नहीं हो पाई है। इसे लेकर प्रदेश के किसानों में भारी नाराजगी है।इस विषय को लेकर कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक किसानों के न्याय की लड़ाई लड़ रही है। इसी क्रम में बिछिया विधानसभा के विधायक नारायण सिंह पट्टा के नेतृत्व में दिसंबर 2024 से किसान न्याय महाभियान प्रारम्भ किया गया है। जिसके प्रथम चरण में ब्लॉक कांग्रेस कमेटीयों ने अलग अलग तिथियों में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपे और घोषित समर्थन मूल्य देने की माँग की। इसके बाद दूसरे चरण में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धान खरीदी केंद्रों में किसानों को पम्पलेट देकर समर्थन मूल्य की लड़ाई लड़ने की जानकारी दी एवं गाँव गांव पहुंचकर किसानों से किसान न्याय अधिकार पत्र भरवाये हैं। बिछिया विधानसभा में अबतक 25000 से अधिक किसान न्याय अधिकार भरे जा चुके हैं। कुल 30400 किसान न्याय अधिकार पत्र भरवाये जाने का लक्ष्य रखा गया है।
इन सभी किसान अधिकार पत्रों को 22 जनवरी को आयोजित हो रहे किसान न्याय आंदोलन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष को सौंपा जायेगा जिसे मुख्यमंत्री तक भेजा जायेगा। महाभियान के तीसरे चरण में बिछिया विधानसभा के अंजनियां के समीप ग्राम मांद में 22 जनवरी को किसान न्याय आंदोलन का आयोजन किया जा रहा है जिसमें जिले भर से लगभग 10 हजार किसान पहुंचने वाले हैं। इसी विषय को लेकर शुक्रवार को जिला मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई जिसमें बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा, निवास विधायक चैन सिंह वरकड़े, जिला कांग्रेस प्रभारी श्रीमती किरण अहिरवार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष एड राकेश तिवारी, पूर्व विधायक डॉक्टर अशोक मर्सकोले सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित रहे। कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने बताया कि भाजपा ने सत्ता के लिए किसानों से धोखा किया है, चुनाव के समय इन्होने घोषणा की थी कि धान का समर्थन मूल्य 3100 रूपए प्रति क्विंटल और गेंहू का समर्थन मूल्य 2700 रूपए प्रति क्विंटल दिया जायेगा लेकिन आज 13 महीने बाद भी किसानों को घोषित समर्थन मूल्य नहीं मिला है। इसी कि लड़ाई कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक लड़ रही है।

दिग्गज नेताओं का होगा आगमन 

बिछिया विधानसभा के ग्राम मांद में आयोजित हो रहे किसान न्याय आंदोलन में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का आगमन हो रहा है। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे सहित कांग्रेस के 25 से अधिक विधायक सम्मिलित हो रहे हैं। इस वृहद आंदोलन को लेकर तैयारियां जोर शोर से की जा रही हैं। यह पहली बार है जब मंडला में इतनी बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेतागण पहुंच रहे हैं। बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा ने जिले के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में इस आंदोलन में सम्मिलित होने की अपील की है।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पौनिया माल में वार्षिकोत्सव आयोजित

  • बच्चों ने दी मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति
  • निवास विधायक ने की विधायक निधि से एक लाख रुपए देने की घोषणा
मंडला महावीर न्यूज 29.   बीजाडांडी विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोनियां मॉल में वार्षिकोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि निवास विधानसभा विधायक चैन सिंह बरकड़े, जनपद पंचायत बीजाडांडी अध्यक्ष करिश्मा पुट्टा, शरद केसरवानी, समाज सेवी राजेंद्र पुट्टा, बीजाडांडी भाजपा मंडल अध्यक्ष डूमारी कुम्हरे, आदित्य मिश्रा, मुकेश धुर्वे जनपद सदस्य, राहुल सिसोदिया, रोहित चौकसे, भगत सिंह धुर्वे सरपंच ग्राम पंचायत पौनिया, पूर्व सरपंच सुदलाल सोयाम मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद प्राचार्य एवं स्टाफ के द्वारा आमंत्रित अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में आकर्षण प्रस्तुति एकलव्य नृत्य नाटिका की दी गई।
कार्यक्रम में निवास विधायक चैन सिंह वरकड़े ने कहां कि इस स्कूल का वार्षिकोत्सव आयोजित हुआ ऐसा लग रहा हैं जैसे किसी प्राइवेट स्कूल के वार्षिकोत्सव में पहुंचा हूं। उन्होंने स्कूल की प्रसंशा की ओर कहा कि इस स्कूल में अनुशासन है, ऐसा अनुशासन बहुत ही कम स्कूलों में देखने मिलता है। उन्होंने स्कूली बच्चों को पढ़ाई पर भी अधिक मेहनत करने कहां। बीजाडांडी जनपद पंचायत अध्यक्ष करिश्मा पुट्टा ने कहा कि मुझे पहली बार स्कूल के इस कार्यक्रम में पहुंचने का अवसर प्राप्त हुआ हैं, निश्चित ही स्कूल परिसर में जो हमने कार्यक्रम की झलक देखी और बच्चों ने जो प्रस्तुति दी मनमोहक थी। प्रस्तुति में कुछ ऐसे नाटक थे जो समाज को संदेश देते हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि सफलता पाने के लिए कड़ी मेहनत करने की आवश्यकता हैं।
मंच को समाजसेवी राजेंद्र पुट्टा और रोहित चौकसे द्वारा भी संबोधित किया गया। सभी अतिथियों का स्कूल की प्राचार्य निशा दुबे द्वारा शाल श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक प्रशांत झरिया एवं महेंद्र झरिया और आभार विनोद समाधियां द्वारा किया गया। कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ से रतन मरकाम, योगेंद्र मिश्रा, मयंक झरिया, भूपेन्द्र झरिया, योगेंद्र दुबे, संजय झरिया, भागवत कुलस्ते, यतेंद्र झरिया, सुरेश मेहरा, शंभू यादव, सोनाली कुलस्ते, कृष्ण कुमार पटेल, संदीप चक्रवर्ती, मुस्कान नामदेव, शुभम लोधी विद्यार्थियों के पालक ग्रामवासी और बच्चे मौजूद रहे।

 



 

 

Leave a Comment