- आईएमडी की 150 वीं वर्षगांठ में स्मारक सिक्का व डाक टिकट जारी
- भारत मौसम विज्ञान विभाग की उत्कृष्टता के 150 वर्षों की सेवा का समारोह
- मौसम कार्यालय मंडला की छात्रों को दी जानकारी
मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्र सेवा के 150 वर्ष पूर्ण करने के बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग एक नए युग की शुरुआत कर रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग मौसम विज्ञान में 150 वर्षों की सेवा को पूर्ण करते हुए गर्व महसूस कर रहा है। 15 जनवरी सन 1875 में स्थापना के साथ भारत मौसम विज्ञान विभाग राष्ट्र को सटीक मौसम पूर्वानुमान, चेतावनियां और जलवायु जानकारी प्रदान करता आया है। जिसके अंतर्गत दो दिवसीय कार्यक्रम मौसम कार्यालय मंडला में आयोजित किया गया। 14 जनवरी को भारत मंडपम कार्यक्रम नई दिल्ली में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य समारोह का लाइव स्ट्रीमिंग मौसम कार्यालय मंडला में भी किया गया।
जानकारी अनुसार 14 जनवरी को मौसम कार्यालय मंडला द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित कर किया गया। कार्यक्रम का मुख्य समारोह दिल्ली में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग मौसम कार्यालय मंडला में की गई। जिसमे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 150 वीं वर्षगांठ समारोह के अवसर पर एक स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किया। इसके साथ ही भारत मौसम विज्ञान विभाग विजन 2047 और एक डिजिटल काफी टेबल किताबों का भी विमोचन किया।
आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, विश्व मौसम विज्ञान संगठन की महासचिव प्रोफेसर सेलेस्टे साउलो सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मौसम कार्यालय मंडला में प्राचार्य प्रो. डॉ शरद नारायण खरे, आरपी अहिरवार वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केंद्र मंडला एवं गणेश प्रसाद श्रीवास समाजसेवक समेत अन्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों को मौसम विभाग व मौसम वेधशाला में लगे उपकरणों के बारे मे जानकारी दी गई।
150 वीं वर्षगांठ समारोह के अवसर पर बुधवार को सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को प्राचार्य कमलेश अग्रहरि व अन्य शिक्षकों की उपस्थिति में सुश्री यशा झारिया वैज्ञानिक सहायक द्वारा मौसम कार्यालय मंडला में मौसम विभाग व विभाग के कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही वैज्ञानिक सहायक व प्रभारी मौसम कार्यालय मंडला आदित्य बिसेन द्वारा मौसम वेधशाला में लगे उपकरणों के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही विद्यार्थियों के द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब दिए गए।












