- दोपहिया वाहन को बचाने अनियंत्रित हुआ ऑटो, पांच घायल
- सीवर लाईन के चेम्बर से अनियंत्रित हुआ स्कूली ऑटो, ब्रेकर बनाने की मांग
- स्थानीय प्रशासन को है बड़े हादसे का इंतजार
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के अंतर्गत उपनगर महाराजपुर में रेल्वे स्टेशन मार्ग पर एक स्कूली ऑटो पलट गया। ऑटो में स्कूल के बच्चें सवार थे। घटना एक दोपहिया वाहन चालक को बचाने के चक्कर में स्कूली ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें सवार छात्र घायल हो गए। हालाकि इस घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस थाने में नहीं दी गई और घायल बच्चों को जिला अस्पताल उपचार के लिए ले जाया गया। जहां बच्चों का उपचार कराया गया।
जानकारी अनुसार एक ऑटो में दो छात्र, दो छात्रा और ऑटो चालक जा रहे थे। ऑटो बच्चों को स्कूल छोडऩे जा रहा था। इसी दौरान एक दोपहिया वाहन चालक अचानक सामने आ गया, जिसके बचाने के चक्कर में ऑटो अनियंत्रित हो गई। हादसे में ऑटो में सवार दो छात्र, दो छात्रा एवं ड्राइवर सहित कुल पांच लोग घायल हो गए। बताया गया कि ऑटो पलट कर लगभग सौ मीटर दूर तक घिसटा, जिसमें कुछ बच्चियां दब गईं जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद रिजर्व पुलिस बटालियन के जवानों के द्वारा सरकारी वाहन से बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां बच्चों को भर्ती कर उपचार शुरु किया गया।
सुबह के वक्त रहता है ट्रैफिक का दबाव
बताया गया कि घटना स्थल के कुछ दूरी पर रेलवे स्टेशन है जहां पर यात्रियों के आने जाने की संख्या सुबह ज्यादा होती है, इसके साथ ही घटना स्थल पर ही तिराहा है जहां से सैकड़ों नर्मदा परिक्रमावासी परिक्रमा करते हुए सुबह घंसौर की तरफ निकलते हैं। इसी दौरान इसी मार्ग पर एक प्राइवेट स्कूल भी संचालित है। जहां सुबह के वक्त स्कूली छात्रों का जाना भी होता है। सुबह के वक्त इस मार्ग में भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है। इस वजह से आए दिन इस तिराहे पर दुर्घटनाएं हो रही हैं। यहां संबंधित विभाग, अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे है।
ब्रेकर बनाने की कर चुके मांग
बताया गया कि पूरे शहर में सीवर लाईन का कार्य किया गया, जो गुणवत्ताविहीन है। सीवर लाईन के चैंबर मार्ग लेवल से ऊपर बना दिए गए हैं। जिसके कारण दुर्घटना ग्रस्त ऑटो का एक टायर उस सीवर लाईन के चेम्बर पर चढ़ गया और हादसा हो गया। इसके साथ ही कई सीवर लाईन के चेम्बर खुले भी छोड़ दिए गए हैं जो लोगों के लिए काल बन गए है। रेलवे स्टेशन कॉलोनी के लोग अनेक बार इस जगह पर ब्रेकर की माँग कर चुके हैं, लेकिन प्रशासन बड़े हादसे के इंतजार में है। इस मार्ग में जब बड़ा हादसा हो जायेगा या चक्का जाम होगा या कोई ट्रक जलाया जाएगा तब प्रशासन जागेगा।