- नागपुर का जादूगर जिले में करेंगा टीबी अभियान का प्रचार प्रसार
- टीबी अभियान के तहत 100 दिवसीय नि:क्षय शिविर का शुभारम्भ
- नि:क्षय वाहन को किया रवाना, छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली
मंडला महावीर न्यूज 29. भारत को वर्ष 2025 तक टीबी मुक्त कराने का संकल्प लिया गया है, जिसमें मंडला जिला भी अपनी सहभागिता निभा रहा है। जिला मंडला को टीबी मुक्त बनाने जिले के स्वास्थ्य कर्मचारी मैदानी स्तर पर कार्य कर रहे है। जिससे जिला टीबी मुक्त हो सके। टीबी मुक्त अभियान के अंतर्गत 100 दिवसीय नि:क्षय शिविर की शुरूआत शनिवार को जिला योजना भवन से नि:क्षय वाहन को हरी झंडी दिखा कर की गई। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जयदत्त झा सांसद प्रतिनिधि, मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा, सीईओ श्रेयांश कूमट, सीएमएचओ डॉ. केसी सरोते, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे, डीएचओ डॉ. डीके मरकाम, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वायके झारिया, जिला क्षय अधिकारी डॉ. सुमित सिंगौर समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
![]()
जानकारी अनुसार इस अभियान के तहत 100 दिवस में उच्च जोखिम वाले जनसंख्या समूह जिसमें मधुमेह के रोगी, पीएलएचआईव्ही, धूम्रपान, कुपोषण, पुराने क्षय रोगी एवं उनके संपर्क वाले व्यक्ति, विभिन्न उद्योगिक ईकाईयों एवं खदानों में कार्यरत श्रमिकों, जेल के कैदियों, वृद्धाश्रम, अनाथालय, छात्रावास में शत प्रतिशत टीबी स्क्रीनिंग, जॉच एवं उपचार किया जाएगा। अभियान के दौरान 100 दिवस में टीबी बीमारी के प्रति समस्त धार्मिक, सांस्कृतिक, जनप्रतिनिधियों की सभाओं, राष्ट्रीय महापर्वो एवं जिले के समस्त विभागों की सहभागिता के साथ टीबी स्क्रीनिंग जॉच, उपचार एवं प्रचार-प्रसार किया जाएगा। जिससे जिले को टीबी मुक्त किया जा सके।
जादूगर करेगा टीबी का प्रचार प्रसार
गीली गीली छू बोलते ही खाली थैली से फूलों की माला निकल आई और नपा अध्यक्ष विनोद कछवाहा को पहनाई। इसके बाद सफेद कागज को मोड़कर 500 रूपए के नोट में बदल दिया। एक प्लास्टिक की बॉल को कपड़े में रखकर गायब कर दिया और एक कपड़े की दूसरी थैली से निकाल कर उपस्थित लोगों को रोमांचित कर दिया। जादूगर जादू दिखाते हुए टीबी के प्रचार प्रसार के लिए बनाए गए एक बैनर को एक थैली से जादू द्वारा निकालकर उपस्थित अधिकारी, कर्मचारियों को अचंभित कर दिया। यहीं जादूगर जिले के हर गांव में जाकर लोगों को जादू की कला द्वारा टीबी रोग के प्रति जागरूक करेंगा। टीबी बीमारी के लक्षण, बचाव की जानकारी से हर एक व्यक्ति को अवगत कराएगा।
टीबी मरीजों को दिए फूड बास्केट
बताया गया कि आयोजित 100 दिवसीय नि:क्षय शिविर कार्यक्रम में विभिन्न धर्मो के गुरूओं का सम्मान किया गया। इसके साथ ही टीबी चैम्पियन, नि:क्षय मित्रों को प्रमाण पत्र दिया गया। शिविर के शुभारंभ अवसर पर टीबी मरीजों को फूड बास्केट भी वितरित किये गए। एएनएम छात्राओं द्वारा 100 दिवसीय नि:क्षय शिविर की जागरूकता रंगोली बनाई गई। कार्यक्रम के अंत में टीबी के प्रचार प्रसार के लिए जागरूकता रैली योजना भवन से निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गो का भ्रमण करते हुए जिला अस्पताल में समाप्त हुई।
दिलाई शपथ, नि:क्षय वाहन को किया रवाना
जिला योजना भवन में आयोजित 100 दिवसीय नि:क्षय शिविर कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारी, कर्मचारियों समेत धर्म गुरूओं को टीबी शपथ दिलाकर जिले को टीबी मुक्त जिला बनाने का संकल्प नपा अध्यक्ष विनोद कछवाहा द्वारा दिलाया गया। जिला क्षय अधिकारी डॉ. सुमित सिंगौर ने बताया कि आयोजित होने वाले 100 दिवसीय नि:क्षय शिविर में सभी की सहभागिता से इस अभियान को सफल बनाने का पुरजोर प्रयास किया जाएगा। 100 दिवसीय शिविर की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक नि:क्षय वाहन की व्यवस्था भी की है। इस नि:क्षय वाहन के माध्यम से टीबी से संबंधित सभी जांच की जाएगी। जिसमें एक्सरे मशीन, सीबी नॉट मशीन भी उपलब्ध है। शिविर में आने वाले सभी लोगों की जांच की जाएगी। इस नि:क्षय वाहन को नपा अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जयदत्त झा सांसद प्रतिनिधि, मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा, सीईओ श्रेयांश कूमट, सीएमएचओ डॉ. केसी सरोते, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे, डीएचओ डॉ. डीके मरकाम, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वायके झारिया, जिला क्षय अधिकारी डॉ. सुमित सिंगौर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इनकी रही सहभागिता
नि:क्षय शिविर के शुभारम्भ कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग से डीपीसी, जिला एमएण्डई अधिकारी, एसटीएस, एसटीएलएस, टीबी, एचआईव्ही एलटी, सहयोगी संस्थाओं में सांई आशीष हेल्थ केयर प्राईवेट लिमिटेड, पिरामल स्वास्थ्य, डॉक्टर फॉर यू, हिन्दुस्तान वेलनेस, प्रोजक्ट टीआई, प्रोजेक्ट एसएसके के कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान में जीएनएम एवं छात्रावास की छात्राएं भी उपस्थित रही।



















