जागरूकता और सतर्कता से ही रोका जा सकता एड्स को

  • जागरूकता और सतर्कता से ही रोका जा सकता एड्स को
  • जागरूकता रैली निकालकर फैली भ्रांतियों के प्रति किया जागरूक

मंडला महावीर न्यूज 29. 1 दिसंबर को विश्व एड्स दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय मंडला द्वारा एचआईवी, एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रैली का आयोजन किया गया। रैली जिला चिकित्सालय से प्रारंभ होकर पूरे शहर में भ्रमण करती हुई श्रमिक शेड नगर पालिका के सामने संपन्न हुई। इस दौरान आमजन को एचआईवी, एड्स की रोकथाम, बचाव और उपचार के बारे में जागरूक किया गया। रैली में जिला चिकित्सालय के डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, समाजसेवी, छात्र-छात्राएं और नागरिकों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर एचआईवी, एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण संदेश दिए। ‘एचआईवी की जानकारी, बचाव की तैयारी जैसे नारों ने पूरे वातावरण को जागरूकता से भर दिया।

कार्यक्रम के अंत में श्रमिकों को विशेष रूप से एचआईवी, एड्स के प्रति जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि यह बीमारी केवल जागरूकता और सतर्कता से ही रोकी जा सकती है। उन्होंने एचआईवी संक्रमण के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय और सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर जिला चिकित्सालय के चिकित्सक दल ने बताया कि नियमित जांच, सुरक्षित संबंध और सही उपचार से एचआईवी, एड्स को नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज में इस बीमारी को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस आयोजन ने शहरवासियों को इस गंभीर विषय पर जागरूक करने का एक सकारात्मक प्रयास किया और समाज में एचआईवी, एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।


 

Leave a Comment