- कार्यकर्ताओं ने शक्ति केद्रों में एकत्रित होकर सुनी मन की बात
- बूथ अध्यक्षों का किया अभिनंदन, सांसद केबिनेट मंत्री हुए शामिल
मंडला महावीर न्यूज 29. भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधन में चलाए जा रहे संगठन पर्व के तहत जिले के शक्ति केंद्रों में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी जनप्रतिनिधियों कार्यकर्ताओं ने मन की बात सुनी और 945 बूथों पर भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित बूथ अध्यक्षों का अभिनंदन करते हुए उन्हें पदभार ग्रहण कराया गया। जिला मीडिया प्रभारी सुधीर कसार ने बताया कि मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, केबिनेट मंत्री संपतिया उइके जिला अध्यक्ष भीष्म द्विवेदी सहित जिला पदाधिकारी मंडल अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी शक्ति केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सभी ने सुना तथा नवनिर्वाचित बूथ अध्यक्षों का अभिनंदन कर बूथ की टीम का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर निवास विधान सभा के बबलिया मंडल के शक्ति केंद्र के कार्यक्रम में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा भारतीय जनता पार्टी संगठन का मूल उद्देश्य भाजपा की सबसे महत्वपूर्ण बूथ इकाई को मजबूत करना तथा उसकी टीम को भारतीय जनता पार्टी के होने वाले सभी कार्यक्रमों में सीधे तौर से जोडऩा है। संगठनात्मक कार्यक्रम के तहत भारतीय जनता पार्टी के संगठन को विस्तार देने का कार्य करने के लिए सक्षम बनाना भाजपा की टीम का मूल काम है। बूथ जीता चुनाव जीता इस मूल मंत्र को आगे और अधिक मजबूत बनाकर कार्य करने के लिए भारतीय जनता पार्टी की अपनी एक रणनीति है, जिसे हम निरंतर आगे बढ़ाएंगे। इस रणनीति में मंडल के शक्ति केंद्र बूथ समिति सबसे महत्वपूर्ण कार्य करने वाली इकाई रहेगी।
समाज हित और विकास के लिए काम करें
मंडला नगर शक्ति केंद्र में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि जिले के सभी मंडलों की शक्ति केन्द्रो में बूथ समिति का गठन निष्पक्ष रूप से समय-सीमा में किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारे बूथ समिति का संगठन सर्वस्पर्शी व सर्वव्यापी बनकर संगठन के विस्तार व समाज के हित ओर विकास के लिए काम करे ऐसी अपेक्षा है। भाजपा जिला अध्यक्ष ने नवनिर्वाचित बूथ अध्यक्षों का गर्व जोशी के साथ स्वागत किया। उन्होंने कहा बूथ समिति के अध्यक्षों का अभिनंदन करते हुए जिला भाजपा की पूरी टीम गौरवान्वित है, क्योंकि बूथ समिति भारतीय जनता पार्टी का मूल आधार है, आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी के संगठन विस्तार में बूथ समितियां की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। प्रदेश संगठन की मंशा है कि मंडलों की तरह अब हम बूथ इकाई सशक्त करेंगे।