- धनतेरस में रही बाजार में रौनक, लोगों ने जमकर की खरीददारी
- धनतेरस के साथ हुई पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरूआत
मंडला महावीर न्यूज 29. सनातन धर्म में कार्तिक मास के कृष्णपक्ष की त्रयोदशी तिथि को धनतेरस पर्व मनाया जाता है। हिंदू धर्म में समृद्धि के प्रतीक पांच दिवसीय दिवाली पर्व का विशेष महत्व है। धनतेरस में शहर के बाजार में खूब धन बरसा। अनुमान के मुताबिक शहर में करोड़ों का व्यापार हुआ। धनतेरस के चलते बाजार में चहल कदमी देखी गई। फुटपाथ से लेकर बड़े-बड़े शो रूम तक लोगों की आवाजाही बनी हुई थी। लोग अपने मन पसंद की चीजें खरीद रहे थे। दुकानदारों ने भी अपनी दुकानों को खास तौर पर सजा रखा था। धनतेरस के शुभ मुहूर्त पर लोगों ने नये वाहन खरीदे। इलेक्ट्रोनिक्स दुकानों में जमकर खरीद-फरोख्त हुई। व्यापारियों के मुताबिक धन तेरस में व्यापार संतोषजनक रहा। कपड़ा दुकानों में लोग कपड़े खरीदने पहुंचे। पर्व के चलते दुकानदारों ने कपड़ों की ढेरों वेरायटी रखी है।
धनतेरस से व्यापार का आगाज हो गया है। सराफा बाजार में रौनक देखी गई। धनतेरस में सराफा बाजार में करोड़ो के व्यापार की उम्मीद जताई गई थी, जो कि बहुत हद तक सही साबित हुई। भले ही सोने की कीमतों में उछाल आया हो फिर भी लोग सोने-चांदी की खरीद फरोख्त खुले हाथ से करते दिखे। धनतेरस व दीपावली में सोना चांदी की खरीदी धार्मिक कारणों से महत्वपूर्ण है, इसलिये हर वर्ग के लोग अपनी क्षमतानुसार सोने चांदी की खरीद करते है।
घर-घर में मनाया धनतेरस
धनतेरस का पर्व घर-घर में उत्साह के साथ मनाया गया। धनतेरस से दीपोत्सव पर्व की शुरूआत हो गई। शाम होते ही घरों में दीप जलाये गये। आंगन में आकर्षक रंगोलियां सजाई गई। लोगों ने घर में यम पूजन किया तथा धनवंतरी भगवान का पूजन कर आरोग्य की कामना की। भगवान कुबेर का पूजन भी धनतेरस में किया गया। धनतेरस के साथ ही आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया। देर शाम आतिशबाजी की गई।
ऑटोमोबाईल की जमकर बिक्री
धनतेरस के अवसर पर ऑटोमोबाईल की जमकर बिक्री हुई। शुभ मुहूर्त होने के कारण मोटर बाईक एजेंसियों से दर्जनों बाईक खरीदी गई। संचालकों ने बताया कि लोगों ने पहले ही अपनी गाडिय़ां बुक करा दी थी। जिन्हें धनतेरस में उठाया गया। मोटरबाईक कुछ इस तरह से उठी कि शॉ रूम खाली हो गये, जबकि एजेंसियों में धनतेरस के चलते भारी स्टॉक उपलब्ध था।
दीपावली के लिये सजा बाजार
दीपावली पर्व के चलते शहर का बाजार सज गया है। मुख्य बाजार में चारों तरफ रौनक ही रौनक दिखाई दे रही है। कई तरह के सजावटी सामानों से दुकानें भर गई है। हर वर्ग के लोगों के लिये दुकानों में मनपसंद वस्तुएं उपलब्ध है। दीपावली पर्व में व्यापरियों को अच्छे व्यापार की आस है। दीपोत्सव में पडऩे वाले पर्वो के चलते बाजार पूरी तरह से सजा है। ग्राहकों के लिये ढेरों विकल्प रखे गये है। लोग अपनी क्षमतानुसार खरीदी कर रहे है।
नरक चतुदर्शी आज
कार्तिक मास के 14 वे दिन नरक चतुदर्शी मनाई जाती है। धनतेरस से पर्वो का सिलसिला शुरू हो गया, धनतेरस के बाद आज नरक चतुदर्शी मनाई जायेगी। इस दिन भगवान श्री कृष्ण ने नरकासुर का वध किया था। इस दिन नारकीय यातना से मुक्ति के लिये विशेष पूजन किया जाता है। शाम को यम के नाम से घर की चौखट में दीप जलाया जाता है। पं. विजयानंद शास्त्री ने बताया कि नरक चतुदर्शी के दिन उपटन लगाकर स्नान करना व दीप जलाना चाहिये।
सोने चांदी ने बिखेरी चमक
धनतेरस पर सोने चांदी के बाजार ने अपनी खूब चमक बिखेरी। सुबह से ही आभूषण के दुकानों पर सोने-चांदी के जेवरात की खरीदारी करने वाले लोगों की भीड़ देखी गई। सराफा स्थित ज्वैलर्स दुकानों में विभिन्न नए डिजाइन के आभूषणों की महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। कुछ लोगों ने धनतेरस के दिन मनपसंद आभूषण बनाने की का आर्डर भी बुक कराया है। वहीं सोने-चांदी के सिक्कों की खूब खरीदारी हो रही है। चांदी के लक्ष्मी गणेश और आभूषणों की भी मांग रही। बाजार में चांदी के हॉलमार्क सिक्कों की धूम मची रही। सामान्य सिक्कों के मुकाबले यह सिक्के महंगे रहे।
झालरें बनी युवाओं की पसंद
घर को सजाने के लिए कैलेंडर और अन्य सजावटी सामानों की खरीद में युवाओं की रुचि अधिक देखी जा रही है। प्लास्टिक के फूलों की लडिय़ां लोगों को पसंद आ रही हैं। झालरों की चमक लोगों का मन मोह रही है। इस बार बाजार में कई कंपनियों ने गिफ्ट पैक के रूप में मिठाई उतारी है।
बर्तनों में डिनर सेट की धूम
धनतेरस पर बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। इस बार लोगों को डिनर सेट पसंद आ रहा है। बर्तन व्यापारी बताते हैं कि त्योहार पर सभी तरह के बर्तनों की डिमांड है। लोग डिनर सेट को प्राथमिकता दे रहे हैं।
शो रूम में नई गाडिय़ों की रेंज
धनतेरस के पहले ही शहर के सभी टू व्हीलर, थ्री व्हीलर, कार शोरूम में तैयारी कर ली गई थी। उपभोक्ताओं के मांग के अनुसार गाडिय़ों की रेंज बुलाई गई। अधिक बिक्री के लिए उपहार, आकर्षक फायनेंस स्कीम व लुभावने ऑफर भी दिए जा रहे हैं। पूरा बाइक बाजार फायनेंस पर टिका है। फायनेंस उपलब्ध होने के कारण लोग आसानी से खरीदी करने लगे हैं। संचालक बाइकर्स को लुभाने के लिए उनके फायदे की फायनेंस स्कीमें उपलब्ध करा रहे हैं। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक वाहन की भी जमकर बिक्री हुई। लोगों को अब इलेक्ट्रिक वाहन खूब भा रहे है, रेंज भी कम और बजट में भी ये वाहन है, जिसके कारण लोगों की पहली पंसद बनते जा रही है।